- Home
- Entertianment
- Bollywood
- नरगिस की याद में रात-रातभर बाथटब में बैठकर रोते थे करीना कपूर के दादा, गम भुलाने के लिए लेते थे शराब का सहारा
नरगिस की याद में रात-रातभर बाथटब में बैठकर रोते थे करीना कपूर के दादा, गम भुलाने के लिए लेते थे शराब का सहारा
मुंबई। संजय दत्त की मां और गुजरे जमाने की मशहूर एक्ट्रेस रहीं नरगिस दत्त (Nargis Dutt) अगर आज जिंदा होतीं तो 92 साल की हो जातीं। नरगिस का जन्म 1 जून 1929 को कोलकाता में हुआ था। वैसे तो नरगिस ने एक्टर सुनील दत्त से 1958 में शादी कर ली थी। लेकिन सुनील से पहले नरगिस का अफेयर राज कपूर से रहा था और ये बात पूरा बॉलीवुड जानता था। नरगिस की लाइफ में एक वक्त ऐसा भी आया था, जब उन्होंने राज कपूर से अपने सारे रिश्ते तोड़ते हुए सुनील दत्त से शादी कर ली थी। नरगिस के जाने के बाद राज कपूर इतने ज्यादा टूट गए थे कि वे नरगिस की याद में घंटों शराब पीकर बाथटब में बैठकर रोते रहते थे।
/ Updated: Jun 01 2021, 08:34 AM IST
- FB
- TW
- Linkdin
नरगिस से राज कपूर की पहली मुलाकात 1946 में हुई थी। नरगिस को देखते ही राज कपूर उन्हें दिल दे बैठे थे। हालांकि, जब राज कपूर नरगिस से मिले तो उस वक्त वो शादीशुदा थे। नरगिस से मिलने के बाद राज कपूर, इंदर राज आनंद के घर गए थे और उनसे कहा था कि वे फिल्म 'आग' में नरगिस का रोल भी जोड़ दें, क्योंकि वे उनके साथ काम करना चाहते हैं।
राज कपूर के कहने पर फिल्म के लेखक इंदर राज आनंद ने नरगिस का रोल जोड़ दिया। इस फिल्म में नरगिस ने निम्मी का किरदार निभाया था। आग हो वो फिल्म है, जिसमें राज कपूर ने पहली बार नरगिस के साथ स्क्रीन शेयर की थी। राज कपूर ने नरगिस के साथ फिल्म 'बरसात', 'अंदाज', 'आवारा', 'बेवफा', 'अनहोनी', 'आह', 'श्री420', 'चोरी-चोरी' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है।
‘आवारा’ फिल्म की शूटिंग के दौरान एक गाने को फिल्माने के लिए ही राजकपूर ने 8 लाख रुपए खर्च कर दिए थे। जबकि पूरी फिल्म पर तब तक 12 लाख रुपए खर्च हो गए थे। कहते हैं इसकी वजह से जब फिल्म ओवरबजट हो गई, तो नरगिस ने अपने गहने बेचकर राज कपूर की मदद की थी। नरगिस का राजकपूर के लिए प्यार ही था कि फिल्म को हिट कराने के लिए नरगिस ने उस जमाने में स्विमिंग सूट पहना था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक दिन नरगिस ने राज कपूर के साथ बाहर जाने का प्लान बनाया था। वे अपने घर पर उनका इंतजार करने लगी। काफी वक्त बाद भी जब राज कपूर नहीं आए तो वे उनके घर पहुंच गईं। उस वक्त कपूर मेंशन में पार्टी चल रही थी। लेकिन पार्टी में राज कपूर मौजूद नहीं थे।
इसके बाद पता चला कि राज कपूर अपने कमरे में है। इस पर नरगिस वहां चली गईं। कमरे के दरवाजे पर पहुंचकर नरगिस ने देखा कि राज अपनी वाइफ को नेकलेस पहना रहे हैं। दरअसल, उस दिन राज की वाइफ कृष्णा का जन्मदिन था। उस वक्त नरगिस ने फैसला किया कि यदि राज कपूर उनसे शादी नहीं करते हैं तो वे सारे रिश्ते खत्म कर लेंगी।
नरगिस और राजकपूर शादी करना चाहते थे लेकिन राज पहले से शादीशुदा थे। ऐसे में राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर इसके सख्त खिलाफ थे। नरगिस और राजकपूर के बीच इतना प्यार था कि नरगिस महाराष्ट्र के तत्कालीन गृहमंत्री मोरारजी देसाई से इसलिए मिलने चली गईं थीं, ताकि राजकपूर से शादी का कोई कानूनी रास्ता निकल सके। हालांकि मोरारजी देसाई ने उनकी बात को नजरअंदाज करते हुए उन्हें ऐसा ना करने के लिए समझाया था।
नरगिस ने जब सुनील दत्त से शादी कर ली तो ये खबर सुनकर राज कपूर टूट गए थे। उन्हें उम्मीद थी कि नरगिस एक न एक दिन उनके पास लौटकर जरूर आएंगी। वे उनकी याद में रात-रातभर बाथटब में बैठकर रोते रहते थे। गम भुलाने के लिए खुद को शराब में डूबो दिया था। लेकिन फिर नरगिस कभी राज कपूर के पास लौटकर नहीं आईं।
बता दें कि नरगिस ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। 1935 में फिल्म रजिया से उन्होंने 6 साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट करियर की शुरुआत की। 1943 में मोतीलाल के साथ उन्होंने 14 साल की उम्र में लीड एक्ट्रेस के तौर पर अपनी पहली फिल्म की। 1948 में आग फिल्म में पहली बार राज कपूर संग उनकी जोड़ी नजर आई।
इसके बाद दोनों ने साथ में 16 फिल्में कीं। ज्यादातर फिल्मों को दर्शकों ने खूब पसंद किया, 9 सालों तक पर्दे पर राज-नरगिस की जोड़ी हिट बनी रही। नरगिस ने अंदाज, बरसात, मीना बाजार, हलचल, आवारा, श्री 420, मदर इंडिया, मिस इंडिया, रात और दिन, लाजवंती, अदालत, चोरी चोरी और परदेसी जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया।