- Home
- States
- Punjab
- अभी तो मैं जवान हूं: 104 की अम्माजी का जोश-जज्बा देखकर जब मोदी हो गए थे नतमस्तक, अब फिर किया जिक्र
अभी तो मैं जवान हूं: 104 की अम्माजी का जोश-जज्बा देखकर जब मोदी हो गए थे नतमस्तक, अब फिर किया जिक्र
चंडीगढ़, पंजाब. यह हैं भारत की जोशीली बुजुर्ग पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वालीं 104 साल की मान कौर। गुरुवार (24 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'फिट इंडिया मूवमेंट' (Fit India Movement) की पहली वर्षगांठ पर 'पीएम ऑनलाइन फिट इंडिया डायलॉग' कार्यक्रम के जरिये देश की तमाम प्रभावशाली हस्तियों से मुलाकात की। इस दौरान अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन (Actor Milind Soman) से बातचीत के दौरान पंजाब की मान कौर का जिक्र भी हुआ। मोदी ने जब मिलिंद से उनकी उम्र के बारे में पूछ रहे थे, तो मिलिंद ने बताया कि उनकी मां 81 साल की हैं। इसी हंसी-मजाक में मान कौर का जिक्र आया। बता दें कि महिला दिवस (8 मार्च) पर मोदी ने राष्ट्रीय नारी शक्ति सम्मान से नवाजी गई महिलाओं से मुलाकात की थी। इनमें मान कौर भी शामिल थीं। उनका जोश और जज्बा देखकर मोदी ने झुककर प्रणाम किया था। आइए फिट इंडिया मूवमेंट के अवसर पर जानते हैं मान कौर की कहानी...

पहले बता दें कि जब मान कौर को महिला दिवस पर मोदी सम्मानित करने जा रहे थे, तब वे दौड़ते हुए मंच पर गई थीं। यहीं नहीं, मोदी के आग्रह पर उन्होंने कुछ डांस मूव्स भी दिखाए थे। मान कौर को उनकी उपलब्धियों के लिए 2 लाख रुपए की नगद राशि और नारी शक्ति पुरस्कार दिया गया था।
मान कौर ने 1 मार्च, 2020 को ही अपने जीवन के 104 साल पूरे किए हैं। दिलचस्प बात यह है कि मान कौर ने 93 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया था। इसके बाद अन्य एथलीट प्रतियोगिताओं में मेडल जीते।
मान कौर के बेटे गुरदेव सिंह कहते हैं कि उन्हें गर्व हैं कि उनकी मां युवा पीढ़ी के लिए एक आदर्श बनकर सामने आई हैं।
मान कौर ने 103 साल की उम्र में मलेशिया में आयोजित 21वीं एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 4 गोल्ड मेडल जीतकर सबको चौंका दिया था। ये मेडल उन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर रेस के अलावा जेवलिन थ्रो और शॉटपुट में जीते थे।
मान कौर के बेटे गुरदेव 81 साल के हैं। वे भी अपनी मां के साथ कदम मिलाकर चलते हैं। उन्होंने भी 100 और 200 मीटर रेस में दो सिल्वर मेडल जीते थे। वैसे मान कौर की प्रेरणा उनका बेटा ही है। गुरुदेव रोजाना पंजाब यूनिवर्सिटी में दौड़ने जाते थे। इसी की की देखादेखी मान कौर भी दौड़ने जाने लगीं।
मान कौर की बेटी अमृत कौर की उम्र 63 साल है। वे कहती हैं कि उनकी मां लड़कियों को फिटनेस की टिप्स देती हैं। मान कौर के पति रणजीत सिंह 102 साल की उम्र में दुनिया से विदा हुए थे। वे भी मान कौर के साथ दौड़ने जाते थे।
मान कौर अपने खान-पान को लेकर हमेशा सजग रहती हैं। वे कभी तला हुआ खाना नहीं खातीं। कई बार तो वो खुद ही अपने लिए कुकिंग करती हैं।
पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।