पानीपत में शुक्रवार को मां-बेटी की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि 11 दिन पहले महिला के प्रेमी की भी इसी तरीके से हत्या कर दी गई थी। उम्रदराज प्रेमी-प्रेमिका लिव इन में रहते थे। प्रेमी के परिवार में उसकी पत्नी और बच्चे हैं। वहीं, प्रेमिका के पति का निधन हो चुका है। प्रेमी की हत्या में प्रेमिका के बेटे का हाथ बताया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। लेकिन अब महिला और उसकी बेटी की हत्या ने पुलिस को चौंका दिया है। पढ़िए सनसनीखेज क्राइम..

पानीपत, हरियाणा. प्रेमी की हत्या के 11वें दिन प्रेमिका की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हत्यारे ने प्रेमिका की बेटी को भी मार डाला। हत्यारे के गुस्से का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसने मां-बेटी पर 15 से ज्यादा वार किए। पड़ोसियों तक इनकी चीख-पुकार न पहुंचे, इसलिए टीवी की आवाज तेज कर दी गई थी। पुलिस के लिए यह डबल मर्डर एक चुनौती बन गया है। प्रेमी के मर्डर का इल्जाम प्रेमिका के 19 साल के बेटे अंकुश पर लगा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। लेकिन अब प्रेमिका 45 वर्षीय रानी और उसकी 16 वर्षीय बेटी अंजलि उर्फ गीतू की हत्या ने दहशत पैदा कर दी है। बता दें कि 6 जुलाई की रात प्रेमी इदरीश की इसी तरीके से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। तब ईदरीश के परिजनों ने अंकुश पर आरोप लगाया था। बताया गया कि वो ईदरीश और अपनी मां के प्यार से नाखुश था। प्रेमी युगल फिलहाल इंदिरा कॉलोनी में पुराने मॉडल टाउन में रहता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रात करीब 8 बजे पड़ोसियों को टीवी की आवाज तेज होने पर हुआ था शक...
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या शुक्रवार दोपहर को हुई। रात करीब 8 बजे टीवी की आवाज तेज सुनकर पड़ोसियों ने रानी को आवाज लगाई थी। जब कोई जवाब नहीं मिला, तब उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मां-बेटी की खून से सनी लाशें पलंग पर पड़ी थीं। रानी 2 साल पहले डेहा बस्ती से शांति नगर में आकर रहने लगी थी। उसके देवर महावीर ने बताया कि उसने इंदिरा कॉलोनी में मकान बनवा लिया था। करीब 8 महीने पहले रानी और ईदरीश लिव इन में रहने लगे थे। ईदरीश की हत्या का इल्जाम रानी ने अपने देवर के बेटे पर लगाया था।

किसी करीबी का हाथ..
पुलिस के अनुसार घटनास्थल को देखकर लगता है कि इस डबल मर्डर में किसी करीबी का हाथ है। क्योंकि हत्यारों या हत्यारे ने बड़े आराम से घर में प्रवेश किया। अगर कोई बदमाश होता,तो मां-बेटी चिल्लातीं। रानी के 5 बच्चे हैं। बड़ी बेटी सपना और मोनिका की शादी हो चुकी है। अंकुश, गौरव और सबसे छोटी बेटी गीतू उसके साथ रहते थे। 2016 में गौरव की भी मौत हो गई थी। परिजनों ने इसे हादसा बताया था। लेकिन अब वे इसे हत्या बताने लगे थे। रानी के पति राजकुमार ने 2017 में सुसाइड कर लिया था।

ऐसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी...

ईदरीश के परिवार में पत्नी के अलावा 4 बेटियां और 2 बेटे हैं। ईदरीश और रानी की करीब 5 साल पहले मुलाकात हुई थी। कुछ समय पहले मृतक काम-धंधे की तलाश में ओडिशा चला गया था। कुछ दिन पहले ही वो प्रेमिका के कॉल करने पर पानीपत लौटा था। लेकिन 11 दिन पहले रात 2-3 बजे के बीच उसका किसी ने गला रेत दिया। ईदरीश की पत्नी गुड्डी ने बताया कि वो मूलरूप से बागपत जिले के गांव हेवा की रहने वाली है। करीब 5 साल पहले उसका पति पानीपत में संजय चौक के पास रुई धुनाई का काम करता था। इंद्रा विहार कॉलोनी की रहने वाली रानी उसके पास रूई लेने आती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्यार हो गया। मृतक ने तीन साल पहले यह काम बंद कर दिया था। इसके बाद वो प्रेमिका के घर पर ही किराये से रहने लगा और फेरी पर कपड़े बेचने लगा। 

प्रेमिका के कॉल पर ओडिशा से लौटा था प्रेमी..
ईदरीश कुछ समय पहले ओडिशा चला गया था। वहां वो फेरी लगाकर हेलमेट बेचने लगा था। कुछ दिन पहले रानी ने उसे कॉल करके पानीपत बुलाया था। ईदरीश के परिजनों का आरोप है कि प्रेमिका उस पर साथ रहने का दवाब बना रही थी। प्रेमिका ने फरवरी में ईदरीश को धमकी भी दी थी। ईदरीश के भाई रासिद ने रानी और उसके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया था। 

प्रेमिका ने लगाया था देवर के बेटे पर आरोप....
जबकि रानी ने ईदरीश की हत्या का दोषी देवर जोगिंद्र के बेटे रवि को बताया था। क्योंकि वो इनके प्रेम को पसंद नहीं करता था। रानी ने कहा था कि रात को जब ईदरीश के चीखने की आवाज सुनी, तो उसने देखा कि रवि भाग रहा था। जाते समय रवि ने उस पर भी हमला किया था। पुलिस सारे मामले को बारीकी से जांच रही है।