चीन में कोराना वायरस का इतना खौफ है कि वह घरों से नहीं निकल रहे हैं। इसी बीच चाइना की एक लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए भारत आई है।


मंदसौर(मध्य प्रदेश).चीन में कोरोना वायरस के कहर लगातार जारी है। इसकी चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। इस वायरस का चाइना में इतना खौफ है कि वह घरों से नहीं निकल रहे हैं। इसी के चलते एक चीनी परिवार अपनी बेटी की शादी कराने के लिए अपना देश छोड़कर भारत पहुंचा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यहां लेंगे दोनों शादी के सात फेरे
दरअसल, हम बात कर रहे हैं चाइना गर्ल जीहाओ वांग की जो अपने बॉयफ्रेंड सत्यार्थ मिश्रा से शादी करने के लिए शुक्रवार को मंदसौर पहुंचीं हैं। उनके साथ में उनके पिता शीबो वांग, मां जिन गुआन और उनके करीबी रिश्तेदार हैं। जीहाओ और सत्यार्थ रविवार को शादी के सात फेरे लेंगे। जानकारी के मुताबिक, यह शादी चीन में होने वाली थी। लेकिन कोरोना वायरस के चलते इसको भारत में करनी पड़ रही है।

ऐसे शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी
मंदसौर के रहने वाले वेद मिश्रा के बेटे सत्यार्थ आज से 6 साल पहले पढ़ाई करने के लिए चीन गए थे। उन्होंने चीन के डिजियोंग शहर के शेरेडन कॉलेज में मास कम्युनिकेशन के कोर्स में एडमिशन लिया था। इस दौरान उनकी मुलाकत मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स करने आई जीहाओ से हुई। सत्यार्थ अक्सर इंग्लिश में जीहाओ की हेल्प लिया करते थे। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे कब प्यार में बदल गई उनको पता ही नहीं चला। उन्होंने अपने-अपने परिवार की अनुमति लेकर शादी करने का फैसला किया।

मेडिकल जांच के बाद शादी में हुए शामिल
जानकारी के मुताबिक, जीहाओ के कई और रिश्तेदार इस शादी में शामिल होना चाहते थे। लेकिन कोराना वायरस के चलते ज्यादा लोगों को भारत आने की अनुमति नहीं दी गई। जो लोग इस शादी में शामिल होने के लिए आए हैं उनकी पहले एयरपोर्ट पर मेडिकल जांच की गई। इसके बाद उनको रवाना किया गया।