मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 'गैंग रेप के बदले गैंग' का शर्मनाक मामला सामने आया है। दो सगे भाइयों ने अपनी विधवा बहन के संग गैंग रेप करने वाले तीन आरोपियों की बहन के संग इसका बदला लिया। हालांकि दोनों मामले संदिग्ध हैं। 

शिवपुरी, मध्य प्रदेश. बदले की आग में जल रहे दो सगे भाइयों ने अपनी विधवा बहन के संग गैंग रेप करने वाले तीन आरोपियों की बहन को अपना शिकार बना लिया। यह शर्मनाक मामला शिवपुरी जिले की कोलारस तहसील में सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों घटनाओं को एक ही रात में अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है। दोनों गैंग रेप को संदिग्ध के तौर पर देखा जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


आरोप है कि घटना के वक्त दोनों महिलाएं घर में अकेली थीं
पुलिस ने बताया कि कोलारस थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव में रहने वाली 28 वर्षीय विधवा ने बताया कि वो 6 जनवरी की रात अपने घर में दूसरी मंजिल पर सो रही थी। आधी रात को वो टॉयलेट जाने के बहाने नीचे उतरी। उसी वक्त पड़ोस में रहने वाले तीन भाइयों मुकेश लोधी, सुनील और बबलू ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ रेप किया। पति की मौत के बाद से महिला अपने मायके में रह रही है। उसका ससुराल गुढ़ा गांव में है।

जब पुलिस इस मामले को दर्ज कर रही थी, तभी आरोपियों की 27 वर्षीय बहन ने भी आकर अपने साथ हुए गैंग रेप की शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वो घर में अकेली थी। अपने पति का इंतजार कर रही थी। तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, दो लोग जबर्दस्ती अंदर घुस आए। ये लोग उसके पड़ोसी राजकुमार लोधी और प्रतिपाल थे। दोनों ने उसके साथ गैंग रेप किया। ये दोनों आरोपी विधवा पीड़िता के भाई हैं। पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत दर्ज कर ली हैं। लेकिन पुलिस इसे आपसी रंजिश का कारण मान रही है।

(नोट: खबर को प्रभावी ढंग से दिखाने काल्पनिक चित्र का इस्तेमाल किया गया है)