कहते हैं ऊपरवाला जब भी देता, देता छप्पर फाड़ के! ऐसा ही हुआ मध्य प्रदेश के पन्ना में एक महिला मजदूर के साथ। वो 4 दिन में लखपति बन गई। 

भोपाल. यह कहानी मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की है। कहते हैं कि अगर किस्मत मेहरबान हो जाए, तो जिंदगी बदलते देर नहीं लगती। ऐसा ही कुछ हुआ इस महिला के साथ। पन्ना की हीरा खदानों ने कई मजदूरों को धनवान बनाया है। अब इस महिला को यहां की एक उथली हीरा खान से शुक्रवार को 7.87 कैरेट का हीरा हाथ लगा है। हालांकि अभी इसकी सही कीमत पता नहीं चल पाई है, लेकिन प्रारंभिक पड़ताल में इसका आकलन करीब 25 लाख रुपए किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

4 दिन में खुल गई किस्मत
इस महिला यानी राधा अग्रवाल को 7 अक्टूबर की शाम को एक हीरा खदान का पट्टा मिला था। हालांकि जब उसने पट्टा लिया, तो उसे एक आस थी कि भगवान उसकी मनोकामना पूरी करेगा। महिला ने अगले दिन खदान में हीरे ढूंढना शुरू किए। 11 अक्टूबर की दोपहर उसे यह हीरा हाथ लगा। अगले हफ्ते इस हीरे को नीलामी के लिए रखा जाएगा। तभी इसकी असली कीमत सामने आएगी। यह हीरा जैम क्वालिटी है। इसे अच्छा माना जाता है।

सबसे पहले भगवान पर खर्च करेगी पैसा...
महिला ने कहा कि जब वो खदान पर काम कर रही थी, तब उसे यह हीरा मिला। पहले तो उसे लगा कि शायद कोई कांच का टुकड़ा होगा। लेकिन जब उसे बाकी लोगों को दिखाया, तब मालूम चला कि यह हीरा है। इसके बाद वो और उसके पति मुकेश मोदी पन्ना के डायमंड ऑफिस में जाकर हीरे को जमा करा आए। महिला ने कहा कि वो सबसे पहले भगवान पर कुछ पैसे खर्च करेगी। इसके बाद बच्चों की पढ़ाई पर खर्चा करेगी। हीरा मिलने की जानकारी लगने पर कलेक्टर भी हीरा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने खुशी जताई कि नई खनिज नीति बनने से ज्यादा हीरे कार्यालय में जमा हो रहे हैं। इससे शासन को रॉयल्टी अच्छी
मिल रही है। कलेक्टर ने कहा कि वे चाहते हैं कि पन्ना में डायमंड पार्क बने। इससे यहां हीरे के व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।