कोर्ट के आदेश के बाद भी परमबीर सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। अब कोर्ट के भगोड़ा घोषित करने के बाद आखिरकार उन्होंने अपने बारे में खुलासा किया। उन्होंने कहा में चंडीगढ़ में हूं, जल्द ही जांच में शामिल होंगे।

चंडीगढ़. मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह (parambir singh) को कोर्ट (Court) ने भगोड़ा घोषित करने के बाद आखिरकार उन्होंने अपने बारे में खुलासा किया है। परमबीर सिंह ने मीडिया चैनल को अपने बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 'मैं चंडीगढ़ में हूं और जल्द ही कोर्ट के आदेश के बाद वह जांच में शामिल होंगे। अदालत जो भी आदेश देगी उसके हिसाब से मैं अपना अगला कदम उठाऊंगा और जांच में सहयोग करूंगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तय समय में हाजिर नहीं तो कुर्क होगी संपत्ति
बता दें कि एक दिन पहले मगंलवार को मुंबई पुलिस ने परमबीर सिंह के जुहू (Juhu) वाले घर के बाहर कोर्ट का नोटिस लगा दिया है। जिसमें कोर्ट ने क्राइम ब्रांच की अर्जी को मंजूर करते हुए परमबीर सिंह को फरार घोषित किया गया है। कोर्ट ने परमबीर सिंह को 30 दिनों के भीतर हाजिर होने का अल्टीमेटम भी दिया है। ऐसे में अगर वो समय पर हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ॉमुंबई-ठाणे में परमबीर के खिलाफ कई मामले दर्ज
बता दें कि पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ मुंबई और ठाणे में 5 मामले दर्ज हैं। उन पर एक बिल्डर से 15 करोड़ वसूलने का केस भी दर्ज है। हाल ही के दिनों में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। वसूली केस में उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है। उन्हें मुंबई क्राइम ब्रांच ने कई बार समन भेजा था, लेकिन वे पूछताछ और जांच के लिए हाजिर नहीं हो रहे थे।

वकील ने बताया क्यों मुंबई नहीं आ रहे परमबीर सिंह
18 नवंबर को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई से मना कर दिया था। जस्टिस संजय किशन कौल और एम एम सुंदरेश की बेंच ने उनके वकील से पूछा था, ''हमें यह बताइए कि वह कहां हैं? देश में हैं या बाहर फरार हो गए हैं? इस जानकारी के बिना मामले पर सुनवाई नहीं हो सकती." सुनवाई के दौरान परमबीर सिंह के वकील ने अदालत को बताया कि वो देश में ही हैं, लेकिन उनकी जान को खतरा है, इसलिए वो छिप रहे हैं।

कब से फरार हैं परमबीर सिंह
बता दें कि जब परमबीर सिंह मुंबई पुलिस कमिश्नर थे, तो उसी समय एंटीलिया विस्फोटक मामला सामने आया था। जिसके चलते सचिन वझे की गिरफ्तारी के बाद परमबीर सिंह को भी मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया गया था। परमबीर सिंह इसके बाद छुट्टी पर चले गए थे और वो तभी से फरार हैं। महाराष्ट्र सरकार तभी से परमबीर सिंह की तलाश कर रही है। उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर पुलिस अधिकारियों से होटल और बार मालिकों से रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। मामले ने तूल पकड़ा तो परमबीर सिंह ने बाद में खुद से भी इस्तीफा दे दिया था।