इंडिगो और एअर इंडिया के बाद स्पाइसजेट ने भी बुधवार को स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा पर अपने विमानों में यात्रा करने पर रोक लगा दी।


नई दिल्ली. इंडिगो और एअर इंडिया के बाद स्पाइसजेट ने भी बुधवार को स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा पर अपने विमानों में यात्रा करने पर रोक लगा दी। कामरा ने मंगलवार को इंडिगो की मुंबई-लखनऊ उड़ान में पत्रकार अर्णब गोस्वामी को कथित तौर पर परेशान किया था। कामरा के खिलाफ कार्रवाई करने वाली स्पाइसजेट तीसरी एअरलाइन है। इंडिगो ने जहां कामरा पर छह माह की रोक लगाई है, वहीं एअर इंडिया ने अगले नोटिस तक उनकी उड़ान पर रोक लगा दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उड्डयन मंत्री ने अन्य एअरलाइनों को भी कामरा पर पाबंदी लगाने की सलाह दी 

उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने घटना पर संज्ञान लिया और भारत की अन्य एअरलाइनों को कामरा पर इसी तरह की पाबंदी लगाने की ‘सलाह’ दी। उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक व्यवहार जो उकसावे वाला हो और विमान के अंदर अराजकता पैदा करता हो, वह पूरी तरह से अस्वीकार्य है तथा हवाई यात्रा करने वाले लोगों की जिंदगियों को खतरे में डालने वाला है। स्पाइसजेट ने बुधवार सुबह ट्वीट किया कि स्पाइसजेट ने अगले आदेश तक अपने विमानों में कुणाल कामरा की यात्रा पर रोक लगाने का फैसला किया है।
वहीं एअरएशिया इंडिया के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी भाषा से कहा कि एअरलाइन नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से औपचारिक नोटिस जारी होने का इंतजार कर रही है और इसके बाद वह कामरा के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

( फाइल फोटो )