कर्नाटक के नए विधायकों में से 97 फीसदी विधायक करोड़पति हैं। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार सबसे अमीर विधायक हैं। उनके पास 1,413 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वह सीएम पद की रेस में हैं।

नई दिल्ली। ADR (Association of Democratic Reforms) ने रिपोर्ट जारी कर जानकारी दी है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 (Karnataka Assembly Election 2023) में जीतने वाले 97 फीसदी विधायक करोड़पति हैं। नए चुने गए विधायकों में से 55 फीसदी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार चुने गए विधायकों में सबसे अमीर हैं। वह सीएम पद की रेस में भी हैं। आधे से अधिक विधायक दागी हैं। इनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ADR की रिपोर्ट चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों द्वारा दाखिल किए गए शपथ पत्र पर आधारित है। शपथ पत्र में अपनी संपत्ति और आपराधिक रिकॉर्ड बताना होता है। रिपोर्ट के अनुसार चुनाव जीतने वाले सिर्फ दो विधायक ऐसे हैं जिनके पास 50 लाख से कम संपत्ति है। दस विधायक ऐसे हैं जिनके पास 50 लाख से 2 करोड़ रुपए तक संपत्ति है। वहीं, 2-5 करोड़ की संपत्ति वाले विधायकों की संख्या 31 है। 180 विधायक ऐसे हैं, जिनके पास 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। 

64.39 करोड़ रुपए है विधायकों की औसत संपत्ति
विधायकों की औसत संपत्ति 64.39 करोड़ रुपए है। 217 विधायक करोड़पति हैं। 2018 में चुनाव जीतने वाले 215 विधायक करोड़पति थे। 2018 में विधायकों की औसत संपत्ति 34.59 करोड़ थी जो 2023 में बढ़कर 64.39 करोड़ हो गई। 2023 के चुनाव में जीतने वाले कांग्रेस के विधायकों की औसत संपत्ति 67.13 करोड़ रुपए है। वहीं, बीजेपी के विधायकों की औसत संपत्ति 44.36 करोड़ है। जनता दल (सेक्युलर) के 19 में से 18 विधायक करोड़पति हैं। इनकी औसत संपत्ति 46.01 करोड़ रुपए है।

डीके शिवकुमार हैं सबसे अमीर विधायक

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार सबसे अमीर विधायक हैं। उन्होंने शपथ पत्र में अपनी संपत्ति 1,413 करोड़ रुपए बताई है। के एच पुट्टुस्वामी दूसरे सबसे अमीर विधायक हैं। गौरीबदनूर से निर्दलीय जीतने वाले पुट्टुस्वामी के पास 1,267 करोड़ रुपए है।

भाजपा विधायक भागीरथी मुरुल्या के पास है सबसे कम संपत्ति
भाजपा विधायक भागीरथी मुरुल्या के पास सबसे कम संपत्ति है। उनके पास 28 लाख रुपए की संपत्ति है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भाजपा विधायक टी एस श्रीवत्स हैं। उनके पास 48 लाख रुपए की संपत्ति है। कांग्रेस के 51, भाजपा के 38 और जद (एस) के चार विधायक फिर से चुने गए हैं।

71 विधायकों पर लगे हैं गंभीर अपराध के आरोप
चुनाव जीतने वाले 71 विधायकों पर गंभीर आपराधिक आरोप लगे हैं। कांग्रेस के 40, भाजपा के 23 और जद (एस) के सात विधायकों के खिलाफ गंभीर अपराध के मामले दर्ज हैं। 51 विधायक ऐसे हैं जिनपर गैर-गंभीर प्रकृति के आरोप लगे हैं।