कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया वह 87 साल के थे पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के पिता शमशेर सिंह ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली

नई दिल्ली/चंडीगढ़: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वह 87 साल के थे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के पिता शमशेर सिंह ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताया और एम्स पहुंचकर रणदीप सुरजेवाला से मुलाकात की और संवेदना प्रकट की।

बाद में राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘शमशेर सिंह सुरजेवाला के निधन से हमने एक ऐसा लोकप्रिय और सम्मानित कांग्रेसजन खो दिया है जिन्होंने भारत के किसानों और हरियाणा के विकास के लिए अथक कार्य किया। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।’’

Scroll to load tweet…

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘‘हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक चौ. शमशेर सिंह सुरजेवाला जी के निधन का समाचार दु:खद है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि, भगवान उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने शमशेर सिंह सुरजेवाला के निधन पर दुख जताया।

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मंत्री थे

शमशेर सिंह पांच बार विधायक चुने गए थे और वह एक बार राज्यसभा सदस्य चुने गए। वह हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मंत्री भी रहे। वह हरियाणा कृषक समाज के अध्यक्ष थे और उन्होंने किसानों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी।

शमशेर सिंह सुरजेवाला का अंतिम संस्कार हरियाणा के नरवाना में दोपहर को किया जाएगा।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)