इस बार भी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में धूमधाम से दीपोत्सव की तैयारी में जुटी हुई है। शनिवार को पूरे अयोध्या और सभी घाटों पर पांच लाख 51 हजार दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा 226 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा। इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी के अलावा फिजी गणराज्य की उपसभापति और सांसद वीना भटनागर और प्रदेश के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे।

लखनऊ. इस बार भी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में धूमधाम से दीपोत्सव की तैयारी में जुटी हुई है। शनिवार को पूरे अयोध्या और सभी घाटों पर पांच लाख 51 हजार दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा 226 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा। इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी के अलावा फिजी गणराज्य की उपसभापति और सांसद वीना भटनागर और प्रदेश के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से बताया कि अयोध्या में शनिवार को सुबह 10 से 2 बजे तक भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों समेत भव्य शोभायात्रा निकलेगी। यह यात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क में समाप्त होगी। इसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे। मुख्यमंत्री पौने चार बजे से चार बजे तक शोभायात्रा का अवलोकन करेंगे। यूपी सरकार के प्रवक्ता का कहना है कि इसके बाद श्रीराम-सीता का रामकथा पार्क में हेलीकॉप्टर से प्रतीकात्मक अवतरण और भरत मिलाप का कार्यक्रम होगा। सवा चार बजे से चार बजकर 40 मिनट तक रामकथा पार्क आगमन पर श्रीराम-जानकी का पूजन-वंदन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा।

परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण
शाम 6 बजे तक परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और अतिथियों का संबोधन होगा। इस बार 7 देशों की रामलीला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। राज्य सरकार ने इस पूरे कार्यक्रम को राज्य मेला घोषित कर दिया है, जिससे यह आगे भी बिना रुके चलता रहे।

आज बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
राम की पैड़ी पर 5 लाख 51 हजार दीये जलाकर विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। जिसके लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं दीपकों को व्यवस्थित तौर पर घाट पर सजा रहे हैं। एक चौकोना बनाया गया है, जिसमें 100 दीये रखे जाएंगे और घाट के दोनों तरफ दीये लगाए जा रहे हैं।

अयोध्या दीपोत्सव की पूर्वसंध्या पर शुक्रवार को सरयू के सभी घाट सतरंगों के बिजली बल्बों से जगमगा रहे हैं। घाटों पर पर्यटकों का जमवाड़ा लगा हुआ है। हनुमानगढ़ी, रामदास की छावनी, दशरथ महल, रामवल्लभ कुंज, बड़े भक्त हनुमान समेत चिन्हित सभी बड़े मंदिरों में जबर्दस्त लाइटिंग की गई है।