09:37 PM (IST) Feb 27
यूपी में बीजेपी ने सभी 8 प्रत्याशी जीता लिए, सपा के आलोक रंजन को हार का सामना करना पड़ा

यूपी में बीजेपी को बड़ी जीत हासिल हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने सभी 8 प्रत्याशियों को जीता लिया है। बीजेपी के 8वें प्रत्याशी संजय सेठ चुनाव जीत गए हैं जबकि समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट आलोक रंजन बुरी तरह चुनाव हारे हैं। आलोक रंजन को महज 19 वोट ही मिले। सपा प्रत्याशी जय बच्चन को सबसे अधिक 41 वोट मिले हैं। सपा प्रत्याशी रामजी लाल सुमन को 40 वोट मिले।

बीजेपी प्रत्याशी अमरपाल मौर्य, तेजवीर सिंह, नवीन जैन, साधाना सिंह, सुधांशु त्रिवेदी,  संगीता बलवंत  ने 38 वोट पाकर जीत हासिल की है। बीजेपी के आरपीएन सिंह 37 वोट पाकर जीते हैं। जबकि संजय सेठ को 29 वोट मिले।

08:19 PM (IST) Feb 27
हिमाचल प्रदेश में टॉस से हुआ फैसला

हिमाचल प्रदेश में अभिषेक मनु सिंघवी और बीजेपी समर्थित हर्ष महाजन के बीच बराबरी का मुकाबला रहा। दोनों प्रत्याशियों को 34-34 वोट मिले थे। टॉस से विजेता का फैसला हुआ। बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने दावा किया कि बीजेपी प्रत्याशी हर्ष महाजन जीत गए हैं। उन्होंने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस्तीफा की मांग की है। उधर, हर्ष महाजन ने इस जीत को पीएम मोदी और बीजेपी की जीत बताया है।

 

06:46 PM (IST) Feb 27
कर्नाटक से राज्यसभा के लिए चुने गए अजय माकन

राज्यसभा चुनाव में हुई मतों की गिनती में कर्नाटक का रिजल्ट आ चुका है। राज्य में कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी अजय माकन, डॉ. सैयद नसीर हुसैन और जीसी चन्द्रशेखर चुनाव जीत गए हैं। अजय माकन को 47, डॉ.सैयद नसीर हुसैन और जीसी चंद्रशेखर को 46-46 वोट मिले हैं।
 

05:32 PM (IST) Feb 27
जयराम ठाकुर बोले-विश्वास खो चुकी है सुक्खू सरकार

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 9 विधायकों के क्रास वोटिंग करने का मामला सामने आया है। बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपना विश्वास खो चुकी है। बजट सत्र में यह स्पष्ट हो जाएगा कि कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है। 

04:27 PM (IST) Feb 27
राजनीति में आरोप तो लगते रहते-मनोज पांडेय

समाजवादी पार्टी में चीफ व्हिप से इस्तीफा देकर बीजेपी के खेमे में पहुंचे विधायक मनोज पांडेय ने कहा कि राजनीति में आरोप तो लगते रहते हैं। उन्होंने कहा- राजनीति में हैं तो आरोप लगेंगे ही। जिस भगवान रूपी जनता ने हमें चुना है, सिर्फ उसी के बारे में सोचना है। दरअसल, मनोज पांडेय पर खरीद फरोख्त के आरोप लगे हैं।

 

02:01 PM (IST) Feb 27
एचडी कुमारस्वामी बोले-विधायकों को परेशान कर रही कांग्रेस

राज्यसभा चुनाव पर कर्नाटक जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस हमारे विधायकों को परेशान कर रही है। वे रोज कहते हैं कि 12-13 से ज्यादा जेडीएस विधायक कांग्रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं। हमने इस चुनाव में अपना एक उम्मीदवार खड़ा किया है। कांग्रेस में दम है तो अपनी ताकत दिखाए।

 

12:14 PM (IST) Feb 27
अखिलेश यादव बोले- सरकार के खिलाफ खड़ा होने के लिए साहस चाहिए

मनोज कुमार पाण्डेय के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा देने पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "हर किसी में साहस नहीं होता कि सरकार के खिलाफ खड़ा हो जाए। सरकार के खिलाफ खड़े होने में साहस होना चाहिए। दबाव तो हरएक पर बनाया जाता है। ये बात कौन नहीं जानता है कि भारतीय जनता पार्टी जीतने के लिए कोई भी हथकंडा अपनाएगी। यूपी में राज्यसभा के चुनाव में भाजपा ने वोट लेने के लिए सबकुछ किया है। जो लोग गए हैं उनमें साहस नहीं रहा होगा सरकार के खिलाफ खड़े होने का। कार्रवाई निश्चित होगी। पार्टी के जितने भी हमारे साथ हैं उनका मानना है कि ऐसे लोगों को दूर कर दीजिए।"

12:04 PM (IST) Feb 27
भाजपा में शामिल हो सकते हैं मनोज पाण्डेय, सीएम योगी से की मुलाकात

समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा देने वाले मनोज कुमार पाण्डेय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी मुलाकात हुई है। वहीं, मनोज पाण्डेय के इस्तीफे पर सपा नेता जाहिद बेग ने कहा कि हो सकता है कि उनके पास समय न हो। किसी पद से इस्तीफा देना और बीजेपी से पैसा लेना दो अलग-अलग बातें हैं। वह पार्टी के सीनियर नेता हैं। अगर वह बीजेपी से पैसे भी लेंगे तो भी उनके पक्ष में वोट नहीं देंगे।

 

11:31 AM (IST) Feb 27
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी बोले-हम आश्वस्त हैं

राज्यसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता प्रह्लाद जोशी ने कहा कि हम बहुत आश्वस्त और आशान्वित हैं। इस समय, मैं केवल यही कह सकता हूं। जो भी आवश्यक होगा, किया जाएगा।

 

10:50 AM (IST) Feb 27
कांग्रेस विधायक विधानसभा पहुंचे

राज्यसभा चुनाव से पहले कर्नाटक कांग्रेस ने अपने विधायकों को होटल में रखा था। मंगलवार को सभी विधायक बस में सवार होकर बेंगलुरु स्थिति विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस नेता और मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि हमारे सभी तीन उम्मीदवार स्पष्ट बहुमत से जीतेंगे। कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी।

 

10:48 AM (IST) Feb 27
भाजपा में शामिल हो सकते हैं मनोज पाण्डेय

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन इस्तीफा देने वाले समाजवादी पार्टी के चीफ व्हिप मनोज पाण्डेय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मनोज कुमार के इस्तीफे पर यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मनोज हमेशा से सनातन धर्म के समर्थक रहे हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास के चलते ऐसा फैसला लिया है।

 

10:14 AM (IST) Feb 27
सपा के चीफ व्हिप ने पद छोड़ा

राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। पार्टी के चीफ व्हिप मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि वो भाजपा के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। वह अखिलेश यादव के करीबी हुआ करते थे।

 

09:50 AM (IST) Feb 27
अखिलेश यादव ने किया मतदान

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान कर दिया है। वह वोट डालने के लिए विधानसभा परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पहुंचे थे।

 

09:04 AM (IST) Feb 27
अखिलेश यादव बोले-बीजेपी चुनाव जीतने के लिए सबकुछ करेगी

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले अखिलेश यादव ने कहा, "उम्मीद है समाजवादी पार्टी के तीनों जीतेंगे। खबरें जो आ रहीं हैं, आप भी जानते हो। जो दूसरों के लिए कांटा बोते हैं, एक दिन उनके लिए भी कांटे मिलते हैं। जो दूसरों के लिए गड्ढे खोदते हैं। एक दिन खुद उसी गड्ढे में गिरते हैं। चंडीगढ़ में भी आपने देखा था कि किस तरह से अधिकारियों से मिलकर, बैलेट अगर न होता, सीसीटीवी कैमरे न होते तो शायद परिणाम कुछ और दिखाई देता। सुप्रीम कोर्ट को बधाई, जिसने लोकतंत्र बचा लिया। बीजेपी चुनाव जीतने के लिए कोई भी हथकंडा अपना सकती है। कोई भी लाभ देने के लिए आश्वासन दे सकती है। बीजेपी जीतने के लिए सबकुछ करेगी। जिनको लाभ मिलने वाला होगा वे चले जाएंगे। या जिनसे बहुत वादा किया गया होगा वे चले जाएंगे।"

 

08:44 AM (IST) Feb 27
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जारी किया व्हिप

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को पार्टी उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी को वोट देने के लिए व्हिप जारी किया है। इसपर भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने विधायकों पर दबाव डाल रही है। विधायक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए हैं और उन्हें अपनी इच्छा के मुताबिक वोट देने का अधिकार है।

 

07:56 AM (IST) Feb 27
कर्नाटक में भी क्रॉस वोटिंग की संभावना

कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग की संभावना है। यहां राज्यसभा की चार सीटें खाली हुईं हैं। पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने तीन और भाजपा व जेडीएस ने एक-एक प्रत्याशी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को होटल में रखा है। सभी दलों ने अपने विधायकों के लिए व्हीप जारी किए हैं।

 

07:52 AM (IST) Feb 27
उत्तर प्रदेश में भाजपा ने उतारे आठ उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटें खाली हुईं हैं। भाजपा ने आठ और समाजवादी पार्टी ने तीन उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा के पास सात और सपा के पास तीन सीट के लिए संख्या बल है। भाजपा के आठवें उम्मीदवार संजय सेठ की जीत के लिए विपक्षी पार्टियों के विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग किया जाना जरूरी है।

 

07:37 AM (IST) Feb 27
41 उम्मीदवार निर्विरोध जीते

राज्यसभा के 56 में से 41 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध विजेता घोषित हो चुके हैं। इनके खिलाफ किसी और प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं कराया। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में 15 सीटों के लिए मतदान होगा। इन राज्यों में क्रॉस वोटिंग की संभावना है।

 

Read more Articles on