कोरोना काल में 188 दिनों की लंबी बंदी के बाद 21 सितंबर से ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है, लेकिन शुक्रवार को बंद रहेगा। जुमे की नमाज के लिए ताज को अभी नहीं खोला जाएगा।

आगरा. कोरोना काल में 188 दिनों की लंबी बंदी के बाद 21 सितंबर से ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है, लेकिन शुक्रवार को बंद रहेगा। जुमे की नमाज के लिए ताज को अभी नहीं खोला जाएगा। नमाजियों को ताजमहल की शाही मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने धार्मिक गतिविधियों की इजाजत नहीं दी है, जिस वजह से शुक्रवार को दोपहर में दो घंटे के लिए ताजमहल नहीं खोला जाएगा। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ताजमहल की इंतजामियां कमेटी ने नमाजियों से अपील की है कि शुक्रवार को नमाज के लिए न आएं। अगले सप्ताह अगर इजाजत मिल जाती है तो तय की गई गाइडलाइन के मुताबिक ही प्रवेश करें। ताजमहल सप्ताह के छह दिन पर्यटकों के लिए खुलता है। शुक्रवार को बंद रहता है। इस दिन दोपहर को नमाजियों के लिए सिर्फ दो घंटे ताजमहल खोला जाता है। लेकिन इस बार यह बंद रहेगा। शहर के बाकी स्मारक पर्यटकों के लिए खुलेंगे। 

धीरे-धीरे लौट रही है ताज शहर की रौनक 
188 दिन की बंदी के बाद ताजमहल को खुले चार दिन बीत चुके हैं। अभी इक्के-दुक्के पर्यटक ही दिखाई दे रहे हैं. लेकिन पर्यटकों की आवक को देखते हुए पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों की उम्मीद है कि जल्द ही पर्यटन उद्योग रफ्तार पकड़ेगा और ताजनगरी में फिर पहले जैसी रौनक लौटेगी।