बारात निकलने से ठीक एक दिन पहले दूल्हे की मौत का शॉकिंग मामला सामने आया है। दोस्तों की जिद पर पार्टी के उद्देश्य से मंगलवार देर रात खाने-पीने की चीजें लेने बाजार गए दूल्हे की कार लौटते वक्त पेड़ से जा टकराई। जब यह हादसा हुआ, उस वक्त दूल्हा-दुल्हन दोनों के घर पर नाच-गाना चल रहा था। 

मोहाली(चंडीगढ़). जरा-सी लापरवाही हंसती-खेलती जिंदगी को कैसे बर्बाद कर देती है, यह हादसा इसका उदाहरण है। शादी के पहले बैचलर पार्टी की तर्ज पर मौजमस्ती करने के मकसद से घर से निकले दूल्हे गुरतेज औैर उसके दोस्तों की कार एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में दूल्हे की जान चली गई। हादसा मंगलवार देर रात हुआ। बुधवार को यह शादी होनी थी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रामपुर कलां गांव के रहने वाले गुरतेज की बुधवार को शादी थी। मंगलवार को दूल्हा और दुन्हन दोनों पक्षों के घरों पर शादी की रस्में चल रही थीं। नाचने-गाने का दौर चल रहा था। मंगलवार देर रात डीजे पार्टी और गीत-संगीत का कार्यक्रम खत्म होने पर गुरतेज के दोस्तों ने बैचलर पार्टी की तर्ज पर अलग से पार्टी करने की जिद की। इसके बाद सभी दोस्त कार से बस स्टैंड खाने-पीने का सामान लेने पहुंचे। वहां से जब वे लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार बेकाबू होकर एक पेड़ से जा टकराई। कार गुरतेज का दोस्त चला रहा था। हादसे में गुरतेज कार में फंसकर रह गया था। उसे जैसे-तैसे निकाला गया। हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे में गुरतेज के दोस्त रंजीत और परवीन बुरी तरह घायल हो गए।

 जब इस घटना की खबर दुल्हन को मिली, तो वो अपना होश खो बैठी। दुल्हन को मेहंदी रचाई जा रही थी। गीत-संगीत के बीच दोनों परिवारों में मातम पसर गया। बताते हैं कि कुछ साल पहले गुरतेज के पिता की भी एक्सीडेंट में मौत हुई थी। बुधवार को गुरतेज राजपुर के देवीनगर अपनी बारात लेकर जाने वाला था। इससे पहले ही उसकी अर्थी उठ गई।