मानसिक बीमार एक पिता ने शराब पीने के बाद प्रशासन को चकरघिन्नी बना दिया। उसने फोर्टिस अस्पताल के नजदीक यह कहकर हड़कंप मचा दिया कि उसके दो बच्चे नाले में गिर गए हैं। देखते ही देखते नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा। उसने जेसीबी मशीन से नाला उखाड़ दिया, लेकिन बच्चों का पता नहीं चला। बाद में खुलासा हुआ कि शख्स ने सिर्फ अफवाह फैलाई थी। यह मामला लुधियाना का है।

लुधियाना, पंजाब. यहां चंडीगढ़ रोड स्थित फोर्टिस अस्पताल के नजदीक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स चिल्लाते हुए कहने लगा कि उसके दो बच्चे नाले में गिर गए हैं। देखते ही देखते नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा। उसने जेसीबी मशीन से नाला उखाड़ दिया, लेकिन बच्चों का पता नहीं चला। बाद में खुलासा हुआ कि शख्स ने सिर्फ अफवाह फैलाई थी। शख्स मानसिक बीमार है। उसने शराब भी पी रखी थी। करीब 3 घंटे चले ड्रामे के बाद सच्चाई सामने आई। हालांकि एक समय पुलिस को ऐसा लगा कि कहीं पिता ने खुद बच्चों की हत्या करके शव नाले में तो नहीं फेंक दिए। घटना गुरुवार सुबह करीब 8 बजे की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह सुनाई कहानी...
शख्स ने बताया कि वो अपने गांव से यहां बस से आया था। साथ में उसके दोनों बच्चे भी थे। अचानक बच्चे हाथ छुड़ाकर भागे और नाले में गिर गए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नगर निगम की टीम भी आई और बच्चों को खोजने का अभियान शुरू किया गया। इस दौरान शख्स नाले के ऊपर बैठकर बच्चों को पुकारता रहा। उसने बताया कि बच्चों ने अंदर से उसे आवाज दी थी। जेसीबी ने 5 फुट से ज्यादा नाले को उखाड़ फेंका। जब बच्चे नहीं मिले, तो पुलिस का माथा ठनका। पुलिस शख्स को अपने साथ थाने गई।

शख्स ने बड़ी मुश्किल से अपनी पत्नी का मोबाइल नंबर दिया। जब पुलिस ने उसकी पत्नी से बात की, तब सच्चाई सामने आई। पत्नी ने बताया कि बच्चे तो घर पर हैं। महिला ने बताया कि अकसर उसका पति ऐसी हरकतें करता रहता है। शख्स की मानसिक हालत को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उसे घर भी पहुंचा दिया।