UP Crime News: बागपत में युवक प्रेमिका से शादी का प्रस्ताव लेकर उसके घर गया, जहां परिजनों ने पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, बाकी फरार।

Honor killing in Uttar Pradesh: मोहब्बत कभी-कभी मौत की दहलीज तक भी ले जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में, जहां एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने का सपना लेकर उसके घर पहुंचा, लेकिन वहां से वह जिंदा लौट नहीं सका। यह दर्दनाक घटना बिनौली थाना क्षेत्र के मुकीमपुर गांव की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रेमिका के घरवालों से की शादी की बात, जवाब मिला मौत

मुजफ्फरनगर के इटावा गांव का रहने वाला 26 वर्षीय अनिल, रविवार रात अपनी भाभी की चचेरी बहन से शादी की बात करने उसके गांव पहुंचा था। अनिल और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और युवक इस रिश्ते को एक नई पहचान देना चाहता था। लेकिन प्रेमिका के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।

अनिल जब लड़की के परिजनों से शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचा तो वहां का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्साए परिजनों ने अनिल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उसे इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह प्रेमिका के घर की दहलीज पर ही तड़पता रहा और वहीं दम तोड़ दिया।

पुलिस पहुंची, लेकिन बचाया नहीं जा सका

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अनिल की हालत बेहद गंभीर थी। उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने एहतियातन भारी बल तैनात कर रखा है ताकि किसी भी तरह की अशांति न फैले। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

यह भी पढ़ें: ISC में CMS लखनऊ के छात्रों ने रचा इतिहास, कौन बने टॉपर?