हमारे चांद का कुल व्यास 3,476 किलोमीटर है। इसका मतबल चंद्रमा की सतह का क्षेत्रफल करीब-करीब अफ्रीका महाद्वीप के बराबर है। चंद्रमा पर क्रेटर, लावा मैदान, पहाड़ और घाटियां हैं। वहां कोई मौसम भी नहीं है।
ट्रेंडिंग डेस्क : चंद्रयान-3 (Chandrayaan 3) चांद पर सफल लैंडिंग को तैयार है। करीब 37 दिन के सफर के बाद वह चांद के एकदम करीब पहुंच गया है। इस बीच देशभर में उत्साह का माहौल है। लोग चंद्रमा के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाहते हैं। इसी को देखते हुए हम आपके लिए कुछ दिलचस्प फैक्ट्स लेकर आए हैं। जैसे- अगर कार से चांद पर जाएं तो कितना दिन लग सकता है, पैदल जाएं तो कितने दिन में पहुंच सकते हैं? आइए जानते हैं...
चांद की उम्र कितनी है
चंद्रमा भी करीब-करीब पृथ्वी जितना ही पुराना है। अनुमान के मुताबिक, चांद की उम्र 4.54 अरब वर्ष है। सोलर सिस्टम भी 4.568 अरब वर्ष पुराना ही है। वहीं अगर सबसे पुराने ग्रह की बात की जाए तो इसमें गुरु और शनि का नाम आता है।
चांद पर कार से जाने में कितना समय लगेगा
चंद्रमा हमारी पृथ्वी से 250,000 मील यानी कुल 384,400 किलोमीटर दूर बसा है। अगर कार से चांद के लिए निकला जाए तो 130 दिनों में यह दूरी पूरी हो सकती है। हालांकि, सच्चाई ये है कि गुरुत्वाकर्षण, अंतरिक्ष और ऊंचाई के कारण वहां कार से नहीं जाया जा सकता है। राकेट से चांद तक की यात्रा 13 घंटे में पूरी की जा सकती है। वहीं, अगर कोई ऐसा वाहन हो जो प्रकाश की गति से चलता हो तो चंद्रमा पर पहुंचने में सिर्फ 1.52 सेकंड ही लगेंगे।
पैदल चले तो कितने दिन में चांद पर पहुंच सकते हैं
अब इतनी ही दूरी अगर पैदल चलकर पूरी की जाए तो चांद पर कितने दिन में पहुंच सकते है? मान लीजिए अगर आप हर घंटे तीन मील चलते हैं और हर दिन लगातार 24 घंटे पैदल चले तो चांद पर पहुंचने में आपको 9.5 साल लग जाएंगे। अगर 12 घंटे चलें और 12 घंटे आराम करें तो चांद पर पहुंचने में 19 साल लग जाएंगे।
