देवी भागवत महापुराण देवी दुर्गा पर आधारित सबसे महत्वपूर्ण ग्रंथों में से एक है। इसमें देवी भगवती के सभी अवतारों और चमत्कारों के बारे में विस्तार से बताया गया है।

उज्जैन. इस महापुराण में देवी भगवती ने ऐसे 7 लोगों के बारे में कहा है, जिन पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए। ये 7 लोग अपने जीवन में परेशानी और दुःखों का कारण बन सकते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


1. दूसरों का दुख देखकर सुखी होने वाला
ऐसे कई लोग होते हैं, जिन्हें दूसरों को परेशानी में या दुःखी देखकर सुख का अनुभव होता है। ऐसे लोग महादुष्ट माने गए हैं। इस तरह के लोग हर समय दूसरों के दुःख पहुंचाने या मुसीबत खड़ी करने के बारे में सोचते रहते हैं। इन पर और इनकी बातों पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए।


2. पराई स्त्री पर मन रखने वाला
जो मनुष्य पराई स्त्रियों पर मन रखने वाला होता है, वह हर समय उनके आगे-पीछे घूमता रहता है। ऐसा इंसान किसी भी समय स्त्री के साथ बुरा व्यवहार कर जाता है। ऐसे लोग चरित्रहीन होते हैं, उन पर कभी भी भरोसा नहीं करना चाहिए।


3. नास्तिक
कई लोग ऐसे भी होते हैं, जो भगवान और धर्म में आस्था नहीं रखते। जिन्हें ना तो धर्म-ज्ञान से कोई मतलब होता है, ना ही देव भक्ति से। ऐसा व्यक्ति धर्म और शास्त्रों में विश्वास ना होने की वजह से अधर्मी और पापी होता है। ऐसे मनुष्य से हमेशा दूर ही रहना चाहिए।


4. लालच या लोभ की भावना रखने वाला
लालची मनुष्य किसी के भी भरोसा के काबिल नहीं होता। लालची इंसान अपने फायदे के लिए किसी के साथ भी धोखा कर सकते हैं। ऐसे लोग धर्म-अधर्म के बारे में नहीं सोचते। इसलिए, हर किसी को लोभी या लालची मनुष्य से दूर ही रहना चाहिए।


5. द्वेष या जलन की भावना रखने वाला
जो मनुष्य दूसरों के प्रति अपने मन में जलन या द्वेष की भावना रखता है, वह निश्चित ही छल-कपट करने वाला, पापी, धोखा देने वाला होता है। ऐसे व्यक्ति पर विश्वास करना आपके लिए बहुत बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।


6. छल-कपट करने वाला
छल-कपट की भावना कई लोगों के मन में रहती है। ऐसे लोग लालची और मतलबी होते है। कपटी इंसान अपना मतलब पूरा करने के लिए किसी के साथ कोई भी गलत काम करने में एक पल भी नहीं हिचकिचाते। ऐसे आदमी की बातों पर या उस पर कभी भरोसा न करें।


7. अहंकारी व्यक्ति
अंहकार में मनुष्य को अच्छे-बुरे किसी का होश नहीं रहता है। अहंकार के कारण इंसान कभी दूसरों की सलाह नहीं मानता और अपनी गलती स्वीकार नहीं करता। ऐसा व्यक्ति अपने परिवार और दोस्तों को दुख देने वाला होता है, उस पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए।