उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार रात हुई मंत्रिमण्‍डल की बैठक में 21 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी।

लखनऊ(Lucknow). उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार रात हुई मंत्रिमण्‍डल की बैठक में 21 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। इनमें सूबे में दूसरे चरण के तहत 14 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने और 14 जिलों में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की मंजूरी शामिल है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रदूषण स्तर कम करने के लिए 700 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की मंजूरी
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह और श्रीकांत शर्मा ने बताया कि राज्य की योगी सरकार ने 14 जिलों में यातायात को सुगम बनाने और प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए 700 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की मंजूरी दी है। उन्‍होंने बताया कि ये 32 सीटर बसें लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद, कानपुर, वाराणसी, मुरादाबाद, अलीगढ़, झांसी, बरेली, गोरखपुर, शाहजहांपुर, मथुरा-वृन्दावन में चलाई जाएंगी। केन्‍द्र सरकार भी इसके लिए हर साल 45 लाख रुपये का अनुदान देगी। इस परियोजना की कुल लागत 965 करोड़ रुपए है। इसे पीपीपी मोड पर चलाया जाएगा।

14 जिलों में खोले जाएंगे मेडिकल कॉलेज
एक अन्‍य महत्‍वपूर्ण निर्णय में मंत्रिमण्‍डल ने राज्य में दूसरे चरण के 14 मेडिकल कॉलेज की मंजूरी दे दी है। सुल्तानपुर, चंदौली, गोण्डा, बुलंदशहर, औरेया, अमेठी, सोनभद्र, लखीमपुर, पीलीभीत और ललितपुर समेत 14 जिलों में ये मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण
कैबिनेट ने वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण के दूसरे चरण के कार्य के लिए 318.67 करोड़ रुपए भी मंजूर किये। मुख्यमंत्री का निर्देश है कि दिसंबर 2021 तक पूरा कॉरीडोर बनकर तैयार हो जाए।

[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]