भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की ओर से जारी की गई लिस्ट को अपराधियों की सूची बताया है। इसी के साथ कहा कि सपा अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। गौरव भाटिया ने कहा कि जो भी वादे समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व के चुनावों में किए गए थे वह भी पूरा करने का काम यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया है।

लखनऊ: भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जमकर हमलावर दिखे। उन्होंने सपा की प्रत्याशियों की लिस्ट और उनके पूर्ववर्ती शासनकाल पर हमला बोला। गौरव भाटिया (Gaurav Bhatia) ने कहा कि हिस्ट्रीशीटर और अपराधियों को संरक्षण देने का काम समाजवादी पार्टी के द्वारा किया जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने यूपी चुनाव को किसानों की अस्मिता का सवाल बताया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रदेश कार्यालय पर मीडिया को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सूची आती है तो लगता है कि हिस्ट्रीशीटर, अपराधियों को संरक्षण देने का काम कोई कर रहा है तो वह सपा है। यह चुनाव किसानों की अस्मिता का है। हम गन्ना की बात करेंगे तो वह जिन्ना की बात करेंगे। मुठ्ठी बांध के अन्न संकल्प का नाटक किया जाता है। गन्ना किसानों का भुगतान जब हमारी सरकार आई तो 11 हजार करोड़ बकाया था। यह भुगतान भी भाजपा सरकार ने ही किया। यही नहीं बीते 5 वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ का भुगतान भी किया। अन्न संकल्प करने वालों के लिए जनता कह रही है ऐसा कोई सगा नहीं जिसे अखिलेश जी ने ठगा नहीं। 

'आजम के परिवार पर 165 मुकदमे, उन्हें दिया टिकट'
अखिलेश यादव आजम खां को टिकट दे रहे हैं जिनके परिवार पर 165 मुकदमें चल रहे हैं। उन्होंने किसानों की जमीन हड़प ली। उनको टिकट दिया जाता है कि तुम जेल से चुनाव लड़ों। उनके पुत्र बेल पर बाहर आए हैं किसानों की जमीन हड़पने के लिए। 

'सपा के वादे भाजपा ने किए पूरे'
समाजवादी पार्टी जो वादे कर पूर्व में चुनाव जीतकर सत्ता में आई थी उसे भी पूरा करने का काम भाजपा ने किया। भाजपा ने 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज किसानों का माफ किया। 87 लाख किसान परिवार इससे लाभान्वित हुए। जब किसानों की फसल नष्ट हुई तो अखिलेश यादव 1 रुपए का मुआवजा भी चेक से दे रहे थे। फसल बीमा योजना 2208 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति की गई। गौरव भाटिया ने कहा कि हमने रिकॉर्ड चीनी उत्पादन किया। सपा-बसपा कार्यकाल में 21 चीनी मिल बंद हुई। 

'गुंडाराज को रामराज बनाया योगी आदित्यनाथ ने'
सपा शासनकाल में वर्दी आजम खां की भैस खोजने जा सकती थी लेकिन महिला की अस्मिता नहीं बचा पाती थी। इसमें दोष वर्दी का नहीं बल्कि ऊपर से आने वाले आदेशों का था। जो नेता अधिकारियों से जूते साफ करवाने को कहते थे वह आज जेल में हैं। वर्दी का रसूख ही है कि जिनको यह डान और बाहुबली कहते थे वह जेल में हैं और उनकी करोड़ों की संपत्ति जब्त हुई है।