6 दिन पहले ही पति ससुराल गया था। पत्नी को ठीक से रखने का वादा करके उसे अपने साथ ले गया, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद भैंस और फ्रिज की मांग को लेकर फिर मारपीट की और उसे जिंदा जला दिया। 

फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) । दहेज में भैंस और फ्रिज न मिलने से नाराज पति ने पत्नी को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। विवाहिता 95 फीसदी तक जल चुकी। ईलाज के लिए जिला अस्पताल से कानपुर हैलट हॉस्पिटल रेफर किया गया है। जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। जांच में यह बात सामने आई कि 6 दिन पहले आरोपी पति अपनी ससुराल गया था। जहां से पत्नी को विदाई कराने के बाद अपने घर लाया था। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
बांदा जिले के चिल्ला थाना क्षेत्र के अतरहा की रहने वाली 22 वर्षीय नीतू सिंह का विवाह फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के अकीला बाद गांव के रहने वाले दीपू सिंह के साथ डेढ़ साल पहले हुआ था।

दहेज को लेकर की थी जमकर पिटाई
नीतू के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपू और उसके परिवार वाले भैंस और फ्रिज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया करते थे। पांच महीने पहले ही इसी बात को लेकर नीतू के साथ जमकर मारपीट की थी, जिसकी जानकारी मिलने पर नीतू का पिता उसे मायके ले आए थे। 

मायके में दिया था बेटे को जन्म
मायके में कुछ दिन पहले नीतू ने एक बेटे को जन्म दिया। बेटा पैदा होने के बाद से ही नीतू अक्सर बीमार रहा करती थी। नीतू का मजदूर पिता मजदूरी से मिलने वाले पैसे से उसका ईलाज करवा रहे थे। 

यह वादा कर कराया था विदाई
पीड़िता के पिता के मुताबिक 6 दिन पहले ही दीपू उनके घर आया और पत्नी नीतू को ठीक से रखने का वादा करके उसे अपने साथ ले गया, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद भैंस और फ्रिज की मांग को लेकर नीतू के साथ फिर मारपीट की। सोमवार को उसे जिंदा जला दिया। 

(प्रतीकात्मक फोटो)