लैंडर विक्रम का चांद की सतह पर उतरने से पहले पृथ्वी से संपर्क टूट गया, जिसके बाद से पूरा देश मायूस है।

लखनऊ. लैंडर विक्रम का चांद की सतह पर उतरने से पहले पृथ्वी से संपर्क टूट गया, जिसके बाद से पूरा देश मायूस है। इसी क्रम में योगी के मंत्री मोहसिन रजा भी चंद्रयान-2 पर बोलते हुए भावुक हो गए, उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा, सब कुछ सही चल रहा था। बड़ा अच्छा पल था, लेकिन जैसे ही लैंडर से पृथ्वी का संपर्क टूटा, मानो मेरे दिल की धड़कन तेज हो गई। बता दें, मोहसिन रजा यूपी सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आगे बोलते हुए उन्होंने कहा, हम बहुत उत्साहित थे, जो चाहा वैसा नहीं हो पाया। हमारे वैज्ञानिकों ने बड़ी मेहनत से यह काम किया था, लेकिन हम उम्मीद नहीं हारे हैं। हम जरूर कामयाब होंगे। पीएम मोदी ने भी इसरो के चेयरमैन को हिम्मत दी है। मैं अपने आंसू नहीं रोक पा रहा, हम बहुत बड़ा इतिहास रचने जा रहे थे। 

जब रोने लगे इसरो प्रमुख के सिवन
बता दें, शुक्रवार की रात चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का चंद्रमा पर लैंडिंग से सिर्फ 69 सेकंड पहले पृथ्वी से संपर्क टूट गया। हालांकि, चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर अभी भी चंद्रमा की सतह से 119 किमी से 127 किमी की ऊंचाई पर घूम रहा है। 2379 किलो वजनी ऑर्बिटर के साथ 8 पेलोड हैं और यह एक साल काम करेगा। यानी लैंडर और रोवर की स्थिति पता नहीं चलने पर भी मिशन जारी रहेगा। लैंडर विक्रम के फेल होने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसरो सेंटर पहुंचे और वैज्ञानिकों से मुलाकात की। जब वे मुख्यालय से निकलने लगे तो इसरो प्रमुख के सिवन भावुक हो गए। यह देख मोदी ने फौरन उन्हें गले लगा लिया। करीब 26 सेकंड तक मोदी उनकी पीठ थपथपाते रहे।