PNB से जुड़े देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को आखिरकार बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानिए ये मेहुल चोकसी है कौन? और आखिर इसे क्यों भारत लाना चाहता है?
मेहुल चोकसी एक मशहूर हीरा कारोबारी है और ‘गीताांजलि जेम्स’ नाम की कंपनी का मालिक रह चुका है। लेकिन अब एक फरार अपराधी है, जिसने देश के साथ करोड़ों का धोखा किया।
चोकसी पर आरोप है कि उसने अपने भांजे नीरव मोदी के साथ मिलकर PNB से 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। इन्होंने फर्जी दस्तावेज और गारंटी लेटर के सहारे विदेशों में पैसा भेजा।
जब मामला खुला तो चोकसी 2018 में भारत छोड़कर एंटीगुआ और बारबुडा भाग गया। फिर खबर आई कि वो बेल्जियम के एंटवर्प में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी (बेल्जियम की नागरिक हैं) के साथ रह रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोकसी ने बेल्जियम सरकार को गुमराह करने के लिए फर्जी कागजात दिए। उसने अपनी भारतीय और एंटीगुआ की नागरिकता छिपाई और खुद को अलग पहचान से पेश किया।
भारत की CBI और ED ने बेल्जियम से उसका प्रत्यर्पण मांगा था। इंटरपोल का रेड नोटिस हटने के बाद भारत ने दबाव और तेज किया और अब उसे बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है।
ऐसा भी बताया जा रहा है कि चोकसी इलाज के बहाने बेल्जियम से स्विट्जरलैंड भागने की फिराक में था। उसके वकील ने मुंबई कोर्ट में कहा था कि वह कैंसर के इलाज के लिए बाहर गया है।
ED ने 2018 में चोकसी को 'Fugitive Economic Offender' घोषित करने की मांग की थी, जो अब तक अदालत में लंबित है। अगर कोर्ट ये दर्जा देती है, तो सरकार उसकी संपत्ति जब्त कर सकती है।
जहां चोकसी को बेल्जियम में पकड़ा गया है, वहीं उसका भांजा नीरव मोदी अभी भी लंदन की जेल में बंद है और भारत प्रत्यर्पण से बचने की कोशिश कर रहा है।