चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की रूस की तीन दिन की यात्रा सोमवार से शुरू हुई। जिनपिंग ने दावा किया है कि उनके पास रूस-यूक्रेन जंग खत्म करने का प्लान है। इसमें सभी पक्षों की चिंताओं को ध्यान में रखा गया है।

बीजिंग। रूस की यात्रा पर जाने से पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दावा किया है कि उनके पास रूस-यूक्रेन जंग खत्म करने का प्लान है। जिनपिंग तीसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति चुने जाने के बाद पहली विदेश यात्रा पर रूस जा रहे हैं। मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी बातचीत होगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शी जिनपिंग ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए बनाई गई हमारी शांति योजना में सभी पक्षों की 'वैध' चिंताओं को ध्यान में रखा गया है। सोमवार से जिनपिंग की तीन दिन की रूस यात्रा शुरू हो रही है। मंगलवार को पुतिन के साथ उनकी बातचीत होगी। उम्मीद है कि पुतिन के साथ बातचीत के दौरान जिनपिंग यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने के लिए शांति वार्ता की वकालत करेंगे।

गहरे हुए हैं रूस और चीन के संबंध
रूसी न्यूजपेपर Russian Gazette में सोमवार को प्रकाशित खबर के अनुसार जिनपिंग ने कहा, "10 साल पहले राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मैं पहली विदेश यात्रा पर रूस गया था।" जिनपिंग ने अपने 10 साल के कार्यकाल में रूस के साथ करीबी संबंध बनाए रखा है। अमेरिका विरोधी गठबंधन के रूप में रूस और चीन के संबंध गहरे हुए हैं। पिछले 10 साल में जिनपिंग ने आठ बार रूस की यात्रा की है और 40 बार पुतिन के साथ उनकी मुलाकात हुई है। पिछले दिनों चीन की मदद से ईरान और सऊदी अरब के बीच शांति समझौता हुआ था। इसमें दोनों देश तनाव कम करने और राजनयिक रिश्ते बहाल करने पर सहमत हुए थे। जिनपिंग का फोकस अब रूस-यूक्रेन जंग समाप्त कराने पर है ताकि वैश्विक कूटनीति में चीन का रोल बढ़े।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी पुलिस की नजर में आतंकी हैं इमरान खान, आतंकवाद के आरोप में केस दर्ज, कोर्ट के बाहर मचाया था बवाल

सभी पक्षों की चिंताओं को ध्यान में रखती है शांति योजना
जिनपिंग ने कहा कि चीन रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए सक्रिय रूप से शांति वार्ता को बढ़ावा देता है। शांति योजना में मैंने कई प्रस्ताव रखे हैं। इसमें संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों का पालन करना, सभी देशों की वैध सुरक्षा चिंताओं का सम्मान करना, संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अनुकूल प्रयासों का समर्थन करना और वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति चेन की स्थिरता सुनिश्चित करना शामिल है। ये यूक्रेन संकट से निपटने के लिए चीन के बुनियादी सिद्धांत हैं। शी ने कहा कि हमारी शांति योजना सभी पक्षों की वैध चिंताओं को ध्यान में रखती है। इसके साथ ही यह संकट पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की व्यापक आम समझ को दर्शाती है।

यह भी पढ़ें- इमरान खान की धमकी- मेरे घर पर हमला करने वाले हर पुलिसवाले पर करूंगा केस, सरकार ने कहा- नेता नहीं आतंकी है वह