मेक्सिको के इरापुआटो में हमलावरों ने गोलीबारी कर 12 लोगों की हत्या कर दी। तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश के लिए अभियान चला रही है। मेक्सिको में एक महीने से भी कम समय में मास शूटिंग की यह दूसरी घटना है। 

मेक्सिको सिटी। मध्य मेक्सिको के इरापुआटो में अज्ञात हमलावरों ने बार में गोलीबारी कर 12 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की। पुलिस शूटरों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अज्ञात बंदूकधारियों ने शनिवार शाम इरापुआटो में एक बार में फायरिंग की, जिससे छह महिलाओं और छह पुरुषों की मौत हो गई। हमले में तीन लोग घायल हो गए। एक पीड़ित का शव बाइक के बगल में पाया गया, जबकि अन्य मारे गए लोगों बार के अंदर थे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ड्रग्स कार्टेल के विवाद के चलते होती है हिंसा
बता दें कि इरापुआटो शहर गुआनाजुआतो राज्य में स्थित है। औद्योगिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध इस राज्य में ड्रग्स के धंधे को लेकर आपराधिक समूहों के बीच विवाद होते रहते हैं, जिसके चलते हिंसा होती है। यहां दो प्रतिद्वंद्वी समूहों (सांता रोजा डी लीमा और जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल) के बीच विवाद हो रहे हैं। इन आपराधिक समूहों को मादक पदार्थों की तस्करी और ईंधन की चोरी के साथ-साथ अन्य अपराधों को अंजाम देने के लिए जाना जाता है।

एक महीने से भी कम समय में हुई मास शूटिंग की दो घटना
एक महीने से भी कम समय में गुआनाजुआतो राज्य में दूसरी मास शूटिंग हुई है। इस महीने की शुरुआत में संगठित अपराध समूहों ने सैन मिगुएल तोतोलापन के टाउन हॉल में मेयर सहित 20 लोगों की हत्या कर दी थी। सितंबर में तारिमोरो नगरपालिका में एक पूल हॉल में हमलावरों ने 10 लोगों की हत्या कर दी थी।

अधिकारियों का कहना है कि जनवरी से अगस्त के बीच इस क्षेत्र में 2,115 हत्याएं हुई हैं। दिसंबर 2006 में नशीली दवाओं के खिलाफ सरकार द्वारा सैन्य अभियान शुरू किया गया था। इसको लेकर काफी विवाद हुआ था। इसके बाद से मेक्सिको में 340000 से अधिक लोगों की हत्या हुई है। इन हत्याओं में से अधिकतर के लिए आपराधिक संगठन जिम्मेदार हैं।