संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने सुरक्षा परिषद की मंत्री स्तरीय बैठक में बुधवार को कहा कि उनका नया मोर्चा साइबर आतंकवाद है जिसमें सोशल मीडिया और डार्क वेब का इस्तेमाल हमलों में तालमेल करने, प्रचार करने और नए लोगों को अपने साथ जोड़ने के लिए किया जाता है।

संयुक्त राष्ट्र (United Nations). संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने चेतावनी दी है कि दुनिया असहिष्णुता, हिंसा, अतिवाद और आतंकवाद के कारण एक ‘‘अभूतपूर्व खतरे’’ का सामना कर रही है। इस खतरे से हर देश प्रभावित है और यह संघर्षों को बढ़ा रहा है तथा सभी क्षेत्रों को अस्थिर कर रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

साइबर आतंकवाद बना एक नया मोर्चा
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने सुरक्षा परिषद की मंत्री स्तरीय बैठक में बुधवार को कहा कि उनका नया मोर्चा साइबर आतंकवाद है जिसमें सोशल मीडिया और डार्क वेब का इस्तेमाल हमलों में तालमेल करने, प्रचार करने और नए लोगों को अपने साथ जोड़ने के लिए किया जाता है। गुतारेस ने जोर देकर कहा कि आतंकवाद के भयावह खतरे का जवाब हमें सुरक्षा उपायों, रोकथाम के प्रयासों के साथ देना चाहिए जिसमें मूल कारण की पहचान की जाए और उसका समाधान निकाला जाए और इसके साथ ही मानवाधिकारों के सम्मान का भी खयाल रखा जाए।

संयुक्त राष्ट्र के साथ और तीन संगठनों की हुई बैठक
इस महीने परिषद की अध्यक्षता रूस कर रहा है। उसने यह बैठक आतंकवाद का सामना करने के लिए संयुक्त राष्ट्र तथा तीन संगठनों- शंघाई सहयोग संगठन, सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन तथा स्वतंत्र राष्ट्रों का राष्ट्रमंडल (या रूसी राष्ट्रमंडल) के बीच सहयोग को लेकर की।

अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगियों ने भी संरा महासचिव की बात दोहराई और आतंक विरोधी अभियानों में मानवाधिकारों के सम्मान के महत्व पर जोर दिया।

[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]