चीन में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस संक्रमण के कारण एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई।

बीजिंग. चीन में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस संक्रमण के कारण एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

 ऐसा प्रतीत होता है कि इस संक्रमण के कारण चीन में किसी विदेशी नागरिक की मौत का पहला मामला है।

अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा

अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा, "हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि कोरोना वायरस से संक्रमित 60 वर्षीय अमेरिकी नागरिक की चीन में वुहान के एक अस्पताल में छह फरवरी को मौत हो गई।" प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मारा गया व्यक्ति पुरुष था या महिला। उन्होंने कहा, "हम मृतक के परिजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"

722 लोगों की मौत और 34,000 से अधिक लोग संक्रमित

उन्होंने कहा कि परिवार की निजता का सम्मान करते हुए इस बारे में और कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी। ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार चीन में इस विषाणु के संक्रमण के कारण अब तक कम से कम 722 लोगों की मौत हो चुकी है और 34,000 से अधिक लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं।

चीन के बाहर भी दो लोगों की मौत हुई है

इस संक्रमण के कारण चीन के बाहर भी दो लोगों की मौत हुई है। इनमें फिलीपीन में वुहान का एक नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा हांगकांग में भी 39 वर्षीय व्यक्ति की इसके कारण मौत हो गई।

चीनी विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि चीन में 19 विदेशी नागरिक इस विषाणु से संक्रमित पाए गए हैं और उनमें से दो का स्वास्थ्य अब सही है। मंत्रालय ने यह बताने से इनकार कर दिया कि ये विदेशी किस देश के नागरिक हैं।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)