
8th Pay Commission Latest News Today: देश के करोड़ों सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स इस समय 8वें वेतन आयोग का इंतजार कर रहे हैं। जब भी सरकार नए वेतन आयोग (Pay Commission) की बात करती है, तो हर सरकारी कर्मचारी और पेंशनर के मन में बस यही सवाल उठता है, 'मेरी सैलरी कितनी बढ़ेगी?' या 'मेरा फिटमेंट फैक्टर क्या होगा?' लेकिन इस बार कहानी थोड़ी अलग है। परदे के पीछे एक बिल्कुल नया मुद्दा गरमा गया है, जो सीधे तौर पर छोटे और मध्यम स्तर के कर्मचारियों की जेब से जुड़ा है। अंदर की खबर यह है कि इस बार लड़ाई सिर्फ सैलरी बढ़ाने की नहीं, बल्कि बड़े अधिकारियों और छोटे कर्मचारियों की तनख्वाह के बीच के भारी अंतर को पाटने की है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है और क्यों इस बार छोटे कर्मचारियों की लॉटरी लग सकती है।
पिछले दो वेतन आयोगों में सभी कर्मचारियों की सैलरी बढ़ी थी। लेकिन आंकड़े बताते हैं कि ऊंचे पदों पर बैठे अधिकारियों की बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी का फायदा ज्यादा मिला। यानी सैलरी बढ़ी तो सभी का, लेकिन बढ़ोतरी का असर हर स्तर पर बराबर नहीं रहा। इसी वजह से कर्मचारी संगठन अब चाहते हैं कि 8वें वेतन आयोग में निचले स्तर के कर्मचारियों को ज्यादा राहत दी जाए।
6वें वेतन आयोग के समय न्यूनतम बेसिक सैलरी 7 हजार रुपए थी। इसके बाद 7वें वेतन आयोग में यह बढ़कर 18 हजार रुपए हो गई। दूसरी तरफ, सबसे ऊंचे स्तर की बेसिक सैलरी 80 हजार रुपए से बढ़कर करीब 2.5 लाख रुपए तक पहुंच गई। यहीं से चर्चा शुरू हुई कि क्या बड़े अधिकारियों को अपेक्षाकृत ज्यादा फायदा मिला? इसी वजह से अब कर्मचारी संगठन वेतन संरचना की दोबारा समीक्षा की मांग कर रहे हैं।
कई कर्मचारी यूनियनों का मानना है कि अगर निचले स्तर के कर्मचारियों को ज्यादा राहत दी जाती है तो इससे वर्कप्लेस पर संतुलन बढ़ेगा। उनका तर्क है कि महंगाई का असर सबसे ज्यादा कम सैलरी पाने वाले कर्मचारियों पर पड़ता है। ऐसे में अगर वेतन संशोधन में उन्हें ज्यादा राहत मिले तो इसका सीधा फायदा लाखों परिवारों को होगा। यही कारण है कि 8वें वेतन आयोग से जुड़ी चर्चाओं में अब 'समान वेतन वृद्धि' और 'संतुलित वेतन ढांचा' जैसे मुद्दे तेजी से सामने आ रहे हैं।
सरकार के लिए यह फैसला आसान नहीं होगा। एक तरफ कर्मचारियों की उम्मीदें हैं। दूसरी तरफ सरकारी खर्च और वित्तीय बोझ का सवाल भी है। अगर निचले स्तर के कर्मचारियों को ज्यादा फायदा दिया जाता है, तो सरकार को अतिरिक्त वित्तीय प्रबंधन भी करना पड़ सकता है। यानी आयोग को ऐसा रास्ता निकालना होगा, जिससे कर्मचारियों को राहत भी मिले और सरकारी खजाने पर जरूरत से ज्यादा दबाव भी न पड़े।
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का असर सिर्फ सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसका सीधा असर करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों, 65 लाख से ज्यादा पेंशनर्स पर पड़ सकता है। यानी करीब 1.19 करोड़ लोग इस फैसले से सीधे प्रभावित होंगे।
जानकारों का मानना है कि इस बार आयोग केवल वेतन बढ़ाने तक सीमित नहीं रह सकता है। संभावना है कि सैलरी स्ट्रक्चर को ज्यादा संतुलित बनाने पर भी विचार किया जाए। अगर ऐसा होता है तो कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को अपेक्षाकृत ज्यादा राहत मिल सकती है। हालांकि अंतिम फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही साफ होगा।
फिलहाल कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स से सुझाव लिए जा रहे हैं। हर किसी की नजर इस बात पर है कि 8वां वेतन आयोग सिर्फ सैलरी बढ़ाने का फॉर्मूला लेकर आता है या फिर सैलरी के बढ़ते अंतर को कम करने की दिशा में भी कोई बड़ा कदम उठाता है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।