LPG e-KYC: क्या 16 अगस्त गैस ई-केवाईसी की लास्ट डेट है? बिना e-KYC सब्सिडी रुकेगी? जानें LPG गैस सिलेंडर की ई-केवाईसी से जुड़े नए अपडेट और घर बैठे ई-केवाईसी कैसे करें।
LPG e-KYC Update: अगर आप भी गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, तो शायद आपने भी यह खबर सुनी होगी कि आज यानी 16 अगस्त e-KYC कराने की आखिरी तारीख है। सोशल मीडिया और गली-मोहल्ले में चर्चा है कि अगर आज ये काम नहीं किया, तो कल से गैस और सब्सिडी दोनों बंद हो जाएगी। अगर आप भी इस खबर को लेकर टेंशन में हैं, तो राहत की सांस लीजिए। क्योंकि 16 अगस्त को LPG e-KYC की आखिरी तारीख तय नहीं की गई है। फिर e-KYC क्यों जरूरी है? क्या बिना KYC गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है? क्या उज्ज्वला कनेक्शन वालों को भी KYC करानी होगी? और क्या घर बैठे मोबाइल से e-KYC हो सकती है? आइए जानते हैं एक-एक जवाब...
16 अगस्त ही e-KYC की आखिरी तारीख है क्या?
LPG e-KYC की 16 अगस्त 2026 को कोई तय आखिरी तारीख नहीं है। ई-केवाईसी की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। पुराने और नए दोनों तरह के LPG ग्राहक अपनी KYC पूरी कर सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप ई-केवाईसी को टालते रहें। लंबे समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर गैस कनेक्शन को ब्लॉक किए जाने की स्थिति बन सकती है। इसलिए अगर आपने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है तो इसे जल्द पूरा कर लेना बेहतर है।
बिना e-KYC गैस सिलेंडर मिलेगा या नहीं?
उत्तर प्रदेश में घरेलू LPG कनेक्शन के लिए e-KYC जरूरी बताई गई है। इसका असर पुराने और नए दोनों ग्राहकों पर लागू होता है। यानी अगर आपका कनेक्शन कई साल पुराना है, तब भी आपको अपनी KYC की स्थिति चेक करनी चाहिए। उज्ज्वला कनेक्शन वाले ग्राहकों को भी ई-केवाईसी करानी जरूरी है। इसलिए सिर्फ इसलिए ई-केवाईसी को नजरअंदाज न करें कि आपका गैस कनेक्शन पुराना है या आप पहले से सिलेंडर लेते आ रहे हैं।
क्या गैस सब्सिडी पर भी असर पड़ेगा?
e-KYC का एक बड़ा मकसद यह सुनिश्चित करना है कि गैस सब्सिडी का फायदा सही ग्राहक तक पहुंचे। आधार और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए ग्राहक की पहचान को सिस्टम में अपडेट किया जाता है। इससे फर्जी या गलत तरीके से चल रहे गैस कनेक्शनों की पहचान करने में मदद मिलती है। इसलिए अगर आपका LPG कनेक्शन है और आपने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, तो इसे जल्द पूरा करना समझदारी है। ध्यान रखें कि ई-केवाईसी के नाम पर किसी एजेंट को पैसे देने की जरूरत नहीं है। यह प्रक्रिया पूरी तरह फ्री है।
घर बैठे मोबाइल से गैस सिलेंडर की e-KYC कैसे करें?
- सबसे पहले यह देखें कि आपके घर में कौन सी कंपनी का LPG कनेक्शन है। इसके बाद उसी कंपनी का ऑफिशियल मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
- ऐप खोलने के बाद अपने LPG कनेक्शन से जुड़े अकाउंट में जाएं। वहां आपको e-KYC या Aadhaar Authentication से जुड़ा विकल्प दिखाई दे सकता है। इस पर क्लिक करें।
- e-KYC की प्रक्रिया में आधार से जुड़ा ऑथेंटिकेशन मांगा जा सकता है। जैसे ही आप प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे, मोबाइल पर जरूरी वेरिफिकेशन स्टेप सामने आएंगे।
- 'Face Authentication' के लिए आपके मोबाइल में Aadhaar FaceRD ऐप की जरूरत पड़ सकती है। अगर ऐप आपसे फेस ऑथेंटिकेशन के लिए कहता है तो स्क्रीन पर दिए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
- फेस ऑथेंटिकेशन के दौरान मोबाइल को ज्यादा हिलाएं नहीं। चेहरे पर पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए। बहुत ज्यादा अंधेरा या पीछे से तेज रोशनी होने पर स्कैन में परेशानी आ सकती है। मोबाइल को चेहरे के सामने सीधा रखें और स्क्रीन पर दिए निर्देशों के मुताबिक चेहरा स्कैन करें।
- फेस वैरिफेकेशन के बाद LPG कंपनी के ऐप में e-KYC Success या KYC पूरी होने का स्टेटस जरूर देखें। अगर वहां KYC सफल नहीं दिख रही है तो इसे पूरा हुआ न मानें।
Face Authentication फेल हो जाए तो क्या करें?
कई लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी इसी स्टेप पर आती है। अगर पहली कोशिश में फेस ऑथेंटिकेशन फेल हो गया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐप को बंद करके दोबारा खोलें और फिर से प्रक्रिया शुरू करें। इस बार ध्यान रखें कि चेहरे पर पर्याप्त रोशनी हो, मोबाइल कैमरा साफ हो, मोबाइल को स्टेबल रखें, चेहरा कैमरे के सामने ठीक से रहे और स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन करें। कई बार नेटवर्क या तकनीकी वजह से भी वेरिफिकेशन में परेशानी आ सकती है। ऐसी स्थिति में कुछ समय बाद दोबारा कोशिश कर सकते हैं।
मोबाइल से KYC नहीं हो रही तो ये 2 रास्ते भी हैं
गैस एजेंसी जाकर करा सकते हैं KYC
आप अपनी नजदीकी LPG गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए e-KYC करा सकते हैं। इसके लिए अपने कनेक्शन से जुड़े जरूरी दस्तावेज और पहचान से जुड़ी जानकारी साथ रखें।
सिलेंडर देने आए डिलीवरी कर्मचारी से भी करा सकते हैं
जब गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाला कर्मचारी आपके घर आए तो उसके पास उपलब्ध आधिकारिक डिवाइस के जरिए भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा हो सकती है।
e-KYC के लिए किन चीजों की जरूरत पड़ सकती है?
- आधार कार्ड
- LPG कंज्यूमर नंबर या कंज्यूमर ID
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर


