लाइफ इंश्योरेंस सरेंडर करने पर कितना पैसा मिलेगा? जानिए

यह बात तो हम सब बहुत अच्छे से जानते हैं, कि लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी अपने परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए ली जाती है। हालाँकि, कभी-कभी जिन्दगी में कुछ ऐसी परिस्थितियाँ भी आ जाती हैं, कि हमें अपनी पॉलिसी को समय सीमा के पहले सरेंडर करना पड़ जाता है।

Asianet News Hindi | Published : Sep 13, 2022 4:23 AM IST

बिज़नेस डेस्क. पॉलिसी सरेंडर करने के स्थिति में आपके मन में भी सवाल आता होगा कि समय से पहले अगर हम अपनी पॉलिसी को सरेंडर कर देते हैं, तो हमें कितनी राशि प्राप्त होगी। वैसे कुछ लोग लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी लेते समय भी यह सवाल पूछते हैं। तो आइये आपको इस आर्टिकल में पॉलिसी सरेंडर करने से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण बाते बताते हैं।
 
लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी सरेंडर करते समय ध्यान रखें इन बातों का 
लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदनी हो या सरेंडर करनी हो, दोनों ही समय कुछ महत्वपूर्ण बातों पर ध्यान देना जरूरी हो जाता है। पॉलिसी सरेंडर करते समय निम्न बातों पर खास ध्यान देना चाहिए-

●    यदि आप सोच रहे हैं, कि आपके द्वारा किए गये हर प्रकार के लाइफ इंश्योरेंस पर आपको सरेंडर वैल्यू मिलेगी, तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं हैं। आपको केवल उन्हीं पॉलिसी पर सरेंडर वैल्यू प्राप्त होगी, जिसमें आपने बीमा के साथ निवेश के विकल्प का भी चुनाव किया है, तथा ये वैल्यू पॉलिसी के प्रकार, नियमों और शर्तों के अनुसार प्राप्त होगी। 
कहने का आशय है कि टर्म प्लान पर व्यक्ति को किसी भी तरह की सरेंडर वैल्यू प्राप्त नहीं होती है, जबकि एंडॉवमेंट, मनीबैक और यूलिप जैसी पॉलिसी पर व्यक्ति को सरेंडर वैल्यू प्राप्त होती है।

●    यदि आप 2 साल के अंदर अपनी पॉलिसी के प्रीमियम को देना बंद कर देते हैं, तो ऐसी स्थिति में आपको किसी भी तरह की सरेंडर वैल्यू नहीं मिलती है। आपको अपने प्रीमियम का कुछ हिस्सा तभी मिलेगा, जब आप 2 साल तक लगातार प्रीमियम को भरते हैं। 

●    जब आपके द्वारा चुनी गई पॉलिसी की अवधि 10 साल से कम होती है, तो आपको 2 साल तक प्रीमियम भरना होता है। यदि आपके पॉलिसी की अवधि 10 साल से ज्यादा है, तो आपको 3 साल तक लगातार प्रीमियम भरना होगा, तभी जाकर आपको सरेंडर वैल्यू का लाभ मिलेगा। 

●    जो पॉलिसी सिंगल प्रीमियम प्लान के अंतर्गत आती है, उस स्थिति में आप अपनी पॉलिसी लेने के दूसरे साल के बाद किसी भी वक्त इसे सरेंडर कर सकते हैं, लेकिन आपने जिस साल पॉलिसी ली है, आप उसी साल उसे सरेंडर नहीं कर सकते हैं। 
 
सरेंडर वैल्यू पर लिया जाता है चार्ज
जब भी आप लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी को सरेंडर करते हैं, तो आपको कुछ चार्ज देना होता है, उसे काटने के बाद ही आपको बाकी की रकम वापस की जाती है। हालांकि, यदि आप अपनी यूलिप पॉलिसी सरेंडर कर रहे हैं, और उसकी लॉक-इन अवधि समाप्त हो गई है, तो आपको सरेंडर चार्ज नहीं देना होगा। सरेंडर वैल्यू मुख्य रूप से आपके द्वारा चुनी गई पॉलिसी और उसके नियम और शर्तों पर निर्भर करती है, इसलिए कहा जाता है की जब अपने लिए लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी का चुनाव करें, तो उसकी नियम और शर्तों को ध्यान से पढ़े। 
 
कैसे की जाती है सरेंडर वैल्यू की गणना
बीमा योजना की सरेंडर वैल्यू की गणना करना आसान है। आपने जितने भी प्रीमियम का भुगतान किया होगा, उन सबको जोड़ना होता है, उसके बाद कपंनी द्वारा बीच में जो पॉलिसी सरेंडर करने के कारण, उस पर जो चार्ज लगाया जाता है, उस चार्ज वाले शुल्क को घटाना होता है। 
ऐसा करने से आपकी सरेंडर वैल्यू निकल आती है। लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी की सरेंडर वैल्यू पता करने से पहले आपको गारंटीड सरेंडर वैल्यू और स्पेशल सरेंडर वैल्यू के बारें में भी जानकारी होनी चाहिए। इसके साथ ही इन दोनों के बीच में क्या अंतर होता है, आपको यह भी पता होना चाहिए।  
 
गारंटीड सरेंडर वैल्यू को कैसे करें कैलकुलेट 
यदि आपकी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी पर गारंटीड सरेंडर वैल्यू जैसा नियम लागू है, तो समय से पहले पॉलिसी  को सरेंडर करने पर भरे गये प्रीमियम के आधार पर आपको राशि प्रदान की जाएगी। कुछ लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी में पॉलिसी धारक को पॉलिसी की परिपक्वता से पहले अपनी मर्जी से इसे समाप्त करने पर गारंटी के साथ रिटर्न दिया जाता है। आप अपने लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम के भुगतान करने के 3 साल बाद इस सरेंडर वैल्यू का दावा बीमा कंपनी में कर सकते हैं।  
 
लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी सरेंडर करने के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट 
लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी को सरेंडर करते समय आपको कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट बीमा कंपनी को देने होते हैं। एक बार जब आप अपनी पॉलिसी के लिए सरेंडर एप्लीकेशन को बीमा कंपनी में जमा कर देते हैं, तो उसके 8 से 10 दिनों के अंतराल में पॉलिसी सरेंडर करने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। निम्न दस्तावेज जमा करने होते हैं-
●    पॉलिसी सरेंडर आवेदन फॉर्म जिसमें आपको यह बताना होगा की आप इसे क्यों बंद कर रहे हैं।
●    पॉलिसी का मूल दस्तावेज भी आपको देना होगा। 
●    एक कैंसिल हुआ चेक।
●    केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम कैलकुलेटर का प्रयोग 
पॉलिसी लेने से पहले आपको ऑनलाइन लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम कैलकुलेटर की सहायता जरूर लेनी चाहिए। पॉलिसी के कार्यकाल में आपको कितना प्रीमियम देना होगा यह पता करना बहुत जरूरी होता है, ताकि आप अपने बजट के हिसाब से सही पॉलिसी चुन सकें, और सरेंडर करने की नौबत न आए। 

आपको सलाह दी जाती है, कि जब तक पैसों की बहुत अधिक आवश्यकता न हो, तब तक अपनी किसी भी पॉलिसी को सरेंडर न करें। 

यदि आप समय से पहले पॉलिसी को बंद कर देते हैं, तो आपको इस पर ज्यादा फायदा नहीं मिलेगा। आप चाहे तो अपनी पॉलिसी पर लोन लेकर अपनी पैसों से जुड़ी आवश्यकता को पूरा कर सकते हैं।

Share this article
click me!