
Pan-Aadhaar Linking Scam: पैन से आधार कार्ड को लिंक कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई अंतिम तारीख 31 मार्च को आगे बढ़ा दिया गया है। डेडलाइन बढ़ने के बाद ठग और जालसाज एक बार फिर से एक्टिव हो गए हैं। लोगों को फोन कर आधार-पैन लिंक करने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं। ऐसे में अगर आपके पास भी पैन-आधार लिंक करने के लिए किसी का फोन या मैसेज आए तो अलर्ट हो जाएं। अब तक ठगी के कई मामले सामने आ चुके हैं।
केस नंबर 1- इनकम टैक्स कर्मचारी बताते हुए की ठगी
लखनऊ की रहने वाली एक महिला को पैन-आधार लिंक करने के लिए एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को आयकर विभाग का बताते हुए उनसे बात की। इसके बाद उसने एक लिंक मैसेज में भेजी और कहा कि इस पर क्लिक करके सभी जरूरी डिटेल भर दीजिए। आपका पैन-आधार लिंक हो जाएगा। जब महिला ने ऐसा किया तो कुछ देर बाद उनके खाते से 95 हजार रुपए डिडक्ट हो गए। बाद में उन्हें समझ आया कि उनके साथ साइबर ठगी हो गई है।
केस नंबर 2 - बैंक कर्मी बताते हुए की जालसाजी
दिल्ली की रहने वाली एक महिला को पास 4 अप्रैल को अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और कहा कि आपका पैन आधार से लिंक नहीं है। इसलिए आपकी बैंक सर्विस बंद हो जाएंगी। इस पर महिला ने कहा- बताइए क्या करना है। इसके बाद उस कॉलर ने महिला की पैन और आधार की डिटेल्स ले ली। बाद में महिला के मोबाइल पर एक ओटीपी आया और उन्होंने वो उसे बता दिया। अच्छी बात ये रही कि खाते में पैसे नहीं थे, वरना महिला को बड़ा नुकसान हो जाता। इसी तरह के देशभर में और कई मामले सामने आ रहे हैं।
लोगों को अकाउंट बंद होने का डर दिखा कर रहे ठगी :
साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि पैन से आधार कार्ड को लिंक करने के लिए सरकार ने एक समय दिया था। अब उसे बढ़ा दिया गया है, जिसका फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों के साथ जालसाजी कर रहे हैं। लोगों को अकाउंट बंद होने के नाम से डरा कर फर्जी लिंक भेजते हैं। बाद में ओटीपी मांग कर अकाउंट खाली कर देते हैं।
जालसाजों से बचने के लिए करें ये उपाय :
- अगर आपको पेन-आधार लिंक कराना है तो आयकर विभाग की रजिस्टर्ड वेबसाइट पर जाकर ही करें।
- यहां पर जाकर आप अपना पैन और आधार नंबर डालकर पता कर सकते हैं कि आपका पैन-आधार लिंक है या नहीं।
- अगर ये लिंक नहीं है तो ऑनलाइन इसी वेबसाइट से लिंक करा सकते हैं।
- अगर किसी अनजान नंबर से कोई कॉल करे और पैन-आधार की जानकारी मांगे तो उसे कभी न दें।
- अगर आपने गलती से डिटेल्स दे भी दी हैं तो उससे भूलकर भी ओटीपी शेयर न करें। ऐसा करने पर आपके साथ ठगी हो सकती है।
- आधार का बायोमैट्रिक आधार के ऐप में जाकर लॉक कर सकते हैं।
- मैसेज पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- कोई भी बैंक आपसे आपकी पर्सनल डिटेल्स फोन करके नहीं मांगता है। अगर इस तरह का मैसेज आता है तो बैंक की ब्रांच में जाकर कन्फर्म कर सकते हैं।
ये भी देखें :
जानें कितनी पढ़ी-लिखी हैं अंबानी खानदान की बहू बेटियां
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News