
टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस चारु असोपा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 'मेरे अंगने में', 'टशन-ए-इश्क' और 'अकबर का बल बीरबल' जैसे शोज में नजर आ चुकीं चारु ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्हें सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' का ऑफर मिला था। हालांकि, उन्होंने इस बड़े मौके को ठुकरा दिया। इसकी वजह कोई प्रोफेशनल कमिटमेंट नहीं, बल्कि उनकी बेटी जियाना है। चारु का कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में जो भी बदलाव किए हैं, वे सिर्फ अपनी बेटी के लिए किए हैं और इस समय वह उससे दूर रहकर कोई काम नहीं करना चाहतीं।
अपने हालिया व्लॉग में चारु असोपा ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले 'बिग बॉस' की टीम का फोन आया था। हालांकि उन्होंने साफ शब्दों में शो का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया। चारु ने कहा, "असल में, दो दिन पहले मुझे बिग बॉस से कॉल आया था। लेकिन इस समय मैंने अपनी जिंदगी में जो भी बदलाव किए हैं, वे सिर्फ जियाना के लिए किए हैं। मैं उससे दूर नहीं रहना चाहती। मैं ऐसा काम करना चाहती हूं जिसमें मैं उसके साथ भी रह सकूं और एक मां होने की अपनी जिम्मेदारियां भी निभा सकूं।"
यह भी पढ़ें : सड़क पर आया 'बिग बॉस 19' की फरहाना भट्ट का फैमिली विवाद, सगी बहन ने किया एक्ट्रेस को 'बेनकाब'!
चारु ने कहा कि इस समय उनकी प्राथमिकता सिर्फ उनकी बेटी है। इसलिए वह केवल ऐसे प्रोजेक्ट्स स्वीकार करना चाहती हैं, जिनमें उन्हें लंबे समय तक घर से दूर न रहना पड़े। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह किसी ऐसे काम के लिए तैयार नहीं हैं, जिसमें उन्हें जियाना से अलग रहना पड़े। चारु असोपा ने खुलासा किया कि यही वजह थी कि उन्होंने मुंबई छोड़ने के बाद सिंगिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन को चुना। उन्होंने कहा, "अगर मैं जियाना से दूर रहकर काम करने में सहज होती, तो मैं कभी मुंबई छोड़कर नहीं आती।"
चारु के मुताबिक वह काम भी करना चाहती हैं और अपनी बेटी के साथ भी रहना चाहती हैं। इसी संतुलन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने करियर की नई दिशा चुनी। उनके मुताबिक़, उनकी जिंदगी अब पूरी तरह बेटी जियाना के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने कहा, "मैं जियाना के सारे सपने पूरे करना चाहती हूं। उसके लिए अगर मुझे ज्यादा मेहनत करनी पड़े या अतिरिक्त काम करना पड़े तो मैं खुशी-खुशी करूंगी। जब जियाना सो जाती है या स्कूल में होती है, तब मैं अपना बाकी काम पूरा करती हूं और मैं इस व्यवस्था से खुश हूं।"
यह भी पढ़ें : कौन है यह एक्ट्रेस जिसके फ्लैट में मिली बिजनेसमैन की लाश, मौत से पहले भेजे थे शॉकिंग मैसेज!
चारु ने मुंबई में बिताए अपने संघर्ष भरे दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत कम सहारे के साथ अपनी बेटी की परवरिश की। उन्होंने बताया कि काम करते समय भी उनका पूरा ध्यान जियाना पर ही रहता था और वह हमेशा उसकी चिंता करती थीं। हालांकि अब वह अतीत में नहीं जीना चाहतीं। चारु ने कहा, "मैं अब अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हूं और आज सचमुच खुश हूं। कभी-कभी थक जाती हूं, लेकिन यह जिंदगी का हिस्सा है।" बता दें कि चारू असोपा की शादी सुष्मिता सेन के भाई राजीव सेन से हुई थी, जिनसे जून 2023 में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद चारु अपनी बेटी जियाना के साथ राजस्थान के बीकानेर में रह रही हैं। वह अब फुल-टाइम मां होने के साथ-साथ कंटेंट क्रिएटर और सिंगर के तौर पर भी काम कर रही हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।