बेंगलुरु में कारोबारी वैषाक उपाध्याय एक एक्ट्रेस के किराए के फ्लैट में मृत मिले। पुलिस के मुताबिक उन्होंने पहले परेशान करने वाले मैसेज भेजे थे। पढ़ें पूरी डिटेल।

बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कारोबारी वैषाक उपाध्याय की लाश बुधवार देर रात एक अपार्टमेंट में मिली। पुलिस के मुताबिक़, वह एक्ट्रेस कृषी थपांडा के किराए के फ्लैट में पिछले एक सप्ताह से रह रहे थे और उनके पास फ्लैट की एक चाबी भी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने मौत से पहले एक्ट्रेस को कई मैसेज भेजकर मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद और जिंदगी से थक जाने की बात कही थी। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, वैषाक का नाम इसी साल एक चर्चित रंगदारी और धमकी भरे पत्र वाले मामले में भी सामने आया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक्ट्रेस के फ्लैट में मिला कारोबारी का शव

पुलिस के मुताबिक, 45 साल के वैषाक उपाध्याय की लाश होसकेरेहल्ली स्थित एलिगेंट टैरेस अपार्टमेंट के एक फ्लैट में फंदे से लटकी मिली। यह फ्लैट एक्ट्रेस कृषी थपांडा ने किराए पर लिया हुआ था। बताया गया कि वैषाक पिछले एक सप्ताह से वहीं रह रहे थे, जबकि एक्ट्रेस शहर से बाहर थीं। फ्लैट की दो चाबियों में से एक उनके पास थी। राजराजेश्वरीनगर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल, मोबाइल संदेशों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

मौत से पहले भेजे कृषी थपांडा को भेजे इमोशनल मैसेज

जांच में सामने आया है कि वैषाक ने कृषी थपांडा को कई मैसेज भेजकर अपनी मानसिक स्थिति के बारे में बताया था। उन्होंने लिखा कि वह जीवन से बेहद परेशान और थक चुके हैं और अब सब कुछ खत्म करना चाहते हैं। एक्ट्रेस ने उन्हें लगातार कॉल और मैसेज कर समझाने की कोशिश की और कोई भी गलत कदम न उठाने की सलाह दी।

मंदिर जाने का बनाया था प्लान

पुलिस के मुताबिक़, दोनों की आखिरी बातचीत में एक्ट्रेस ने वैषाक से साथ में कुक्के सुब्रमण्य मंदिर जाने का सुझाव दिया था। वैषाक ने इस पर सहमति भी जताई थी। हालांकि जब एक्ट्रेस फ्लैट लौटीं तो उन्होंने वैषाक को बेडरूम में मृत अवस्था में देखा। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वैषाक पिछले कई दिनों से अपने परिवार से अलग रह रहे थे। उनकी शादी को लगभग 15 साल हो चुके थे और उनका एक किशोर बेटा भी है। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिकायत के मुताबिक़, दोनों लगभग एक महीने से बातचीत नहीं कर रहे थे और वैषाक केवल बेटे के बारे में संदेशों के जरिए जानकारी लेते थे।

वैषाक की चर्चित एक्सटॉर्शन केस में हो चुकी थी गिरफ्तारी

इसी साल फरवरी में वैषाक उपाध्याय को एक हाई-प्रोफाइल रंगदारी और धमकी भरे पत्र मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि कारोबारी और वकील अरविंद रेड्डी को कूरियर के जरिए गुमनाम पत्र भेजकर माफी मांगने और 6 से 7 करोड़ रुपये देने की मांग की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में वैषाक को गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। पुलिस का कहना है कि इस घटना के बाद उनके पारिवारिक विवाद और बढ़ गए थे।

कौन हैं एक्ट्रेस कृषी थपांडा?

36 साल की कृषी थपांडा कर्नाटक के कूर्ग के कोडावा परिवार से ताल्लुक रखती हैं। फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले वह अमेरिका की ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग कंपनी इंटरकॉल (InterCall) में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम करती थीं। मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया में उनका सफर फिल्म 'कही' के ऑफर से शुरू हुआ, हालांकि उनकी पहली रिलीज फिल्म कन्नड़ की 'अकीरा' (2016) रही। 

बाद उन्होंने 'एराडु कनासु', 'कन्नडक्कागी ओंदन्नु ओट्टी' और हाल ही में रिलीज हुई 'गाना' (2025) जैसी फिल्मों में काम किया, जिसमें उनके साथ प्रज्वल देवराज, वेधिका कुमार और यशा शिवकुमार भी नजर आए। कृषी थपांडा 'बिग बॉस कन्नड़ सीजन 5' की कंटेस्टेंट भी रह चुकी हैं, जिसे अभिनेता किच्चा सुदीप ने होस्ट किया था।