'बिग बॉस 19' फेम फरहाना भट्ट पारिवारिक विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी सगी बहन फैज़ाना भट्ट ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और विवाद को सड़क पर ले आई हैं।
'बिग बॉस 19' से पॉपुलर हुईं कश्मीरी मॉडल और एक्ट्रेस फरहाना भट्ट एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया प्रोजेक्ट नहीं बल्कि पारिवारिक विवाद है। फरहाना की सगी बहन होने का दावा करने वाली फैज़ाना भट्ट ने एक इमोशनल बयान जारी कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि फरहाना ने नेशनल टीवी पर उन्हें अपनी बहन मानने से इनकार किया, जिससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा। फैज़ाना ने मां से जुड़े विवाद, अस्पताल तक पहुंचने की नौबत और पुलिस के हस्तक्षेप का भी दावा किया है।

फैजाना भट्ट का फरहाना भट्ट की सगी बहन होने का दावा
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक़, फैज़ाना भट्ट ने जारी बयान में कहा कि फरहाना उनकी सगी बहन हैं और दोनों ने बचपन से एक ही घर में रहकर जिंदगी के हर पड़ाव को साथ जिया है। उन्होंने कहा कि "यह मेरी जिंदगी की सबसे मुश्किल बातों में से एक है, जिसे मुझे सार्वजनिक रूप से कहना पड़ रहा है। फरहाना मेरी सगी बहन हैं। हम एक ही घर में बड़े हुए और जिंदगी के हर मोड़ पर एक-दूसरे का साथ दिया। लेकिन बिग बॉस के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से मुझे अपनी बहन नहीं माना, जिससे मुझे गहरा दुख पहुंचा।"
यह भी पढ़ें : कौन है यह एक्ट्रेस जिसके फ्लैट में मिली बिजनेसमैन की लाश, मौत से पहले भेजे थे शॉकिंग मैसेज!
मैंने चुप्पी सिर्फ बहन के लिए साधी थी : फैजाना भट्ट
फैज़ाना ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक कोई रिएक्शन नहीं दिया, क्योंकि वह अपनी बहन को सपोर्ट करना चाहती थीं और उम्मीद थी कि एक दिन रिश्ते फिर सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा फरहाना की सफलता की कामना की, लेकिन हालात अब सार्वजनिक हो चुके हैं, इसलिए उन्हें अपनी बात रखना जरूरी लगा।
मां को लेकर फैजाना भट्ट ने लगाए गंभीर आरोप
फैज़ाना ने दावा किया कि कई सालों तक उन पर मां और फरहाना के बीच दूरी पैदा करने के आरोप लगाए गए, लेकिन उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनके मुताबिक, जब उनकी मां मुंबई में फरहाना के साथ रहने लगीं तो उन्होंने खुद कई घटनाएं देखीं और अपनी राय बनाई। फैज़ाना का दावा है कि "जो कुछ हुआ, उससे हमारी मां मानसिक रूप से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस मामले में पुलिस को भी दखल देना पड़ा था। हमारे पास अपने दावों के समर्थन में सबूत भी मौजूद हैं।"
'अगर उनके लिए मेरी कोई पहचान नहीं, तो मेरे लिए भी नहीं'
अपने बयान में फैज़ाना ने कहा कि उन्होंने सालों तक रिश्ते की गरिमा बनाए रखने के लिए चुप्पी साधे रखी, लेकिन अब लगातार सवाल पूछे जाने के बाद उन्हें अपनी बात सामने रखनी पड़ी। उन्होंने कहा, "अगर फरहाना मानती हैं कि उनकी कोई बहन नहीं है, तो मैं भी यही मान लेती हूं कि अब मेरी भी कोई बहन नहीं है। यह फैसला मैंने जलन, गुस्से या नफरत में नहीं, बल्कि सालों के दर्द, निराशा और चुप्पी के बाद लिया है।"
यह भी पढ़ें : मुकेश खन्ना ने ऐसी कौन-सी 'भीष्म प्रतिज्ञा' तोड़ी कि मच गया बवाल, लोग बोले- शक्तिमान भी बिक गया
फर्जी अकाउंट और अफवाहें फैलाने से भी किया मना
फैज़ाना ने लोगों से अपील की कि उनकी तस्वीरों को फरहाना के साथ जोड़कर साझा न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट न बनाए जाएं और परिवार को लेकर झूठी कहानियां या फर्जी चैट वायरल न की जाएं। उन्होंने अपने बयान का अंत करते हुए कहा कि "मैं भारी मन से यह सब कह रही हूं। दिल से चाहती थी कि हालात अलग होते, लेकिन अब सच सामने रखना जरूरी था।" फिलहाल फरहाना भट्ट ने अपनी कथित सगी बहन के इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में यह मामला एकतरफा दावों तक सीमित है। सोशल मीडिया पर भी इस विवाद को लेकर लोगों की राय बंटी हुई नजर आ रही है।
कौन हैं फरहाना भट्ट?
फरहाना भट्ट कश्मीर की मॉडल और एक्ट्रेस हैं। उन्हें 'बिग बॉस 19' में हिस्सा लेने के बाद खास पहचान मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह जल्द ही 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 15' में भी नजर आ सकती हैं। इससे पहले भी वह अपने परिवार के साथ मतभेदों को लेकर बयान दे चुकी हैं और कहा था कि जिन्होंने उनके एक्टिंग करियर का समर्थन नहीं किया, उनसे उन्होंने दूरी बना ली।
