कॉमेडियन समय रैना को कभी ‘गधे पर घुमाने’ की मांग करने वाले मुकेश खन्ना उनके साथ विज्ञापन में नजर आए। इस अनोखे कोलैबोरेशन पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया।
कुछ महीने पहले तक 'महाभारत' में भीष्म पितामह का रोल कर पॉपुलर हुए एक्टर मुकेश खन्ना और कॉमेडियन समय रैना के बीच तीखी जुबानी जंग चल रही थी। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के दौरान मुकेश खन्ना ने समय पर जमकर निशाना साधा था और यहां तक कह दिया था कि उन्हें मुंह काला कर गधे पर बैठाकर घुमाया जाना चाहिए। लेकिन अब दोनों एक ही विज्ञापन में साथ नजर आए हैं। इस अप्रत्याशित कोलैबोरेशन ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। जहां कुछ लोग इसे साल का सबसे बड़ा सरप्राइज बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स मुकेश खन्ना पर अपने पुराने बयानों से पलटने और दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगा रहे हैं।

वह विवाद, जो मुकेश खन्ना- समय रैना को आमने-सामने लाया
फरवरी 2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हुआ था। शो में की किए गए कुछ कमेंट्स के बाद व्यापक विरोध देखने को मिला और रणवीर अल्लाहबादिया और समय रैना के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। उसी दौरान मुकेश खन्ना ने भी शो और उसके कंटेंट पर सवाल उठाते हुए इसे भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया था। इसके बाद दोनों के बीच बयानबाजी लगातार सुर्खियों में रही।
जब मुकेश खन्ना ने कहा था- ‘गधे पर बैठाने लायक हो’
मुकेश खन्ना और समय रैना का विवाद इसी साल अप्रैल में और बढ़ गया था, जब समय ने अपने कॉमेडी स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ में मुकेश खन्ना और शक्तिमान पर तंज कसा था। इसके जवाब में मुकेश खन्ना ने समय को निशाने पर लेते हुए लिखा था, “समय रैना, तुम सिर्फ गधे पर बैठने के लायक हो, वह भी मुंह काला करके।” उन्होंने आगे कहा था, “पूरा देश उसे फटकार चुका है और उसकी निंदा कर चुका है। इसके बावजूद वह बेशर्मी से वापस आ गया। अब सिर्फ एक ही काम बचता है—उसका मुंह काला करके गधे पर बैठाकर पूरे देश में घुमाया जाए। बच्चे उस पर अंडे और टमाटर फेंकें, क्योंकि उसने उनके सुपरहीरो शक्तिमान का अपमान किया है।”
अब एक ही विज्ञापन में दिखे समय और मुकेश
सोमवार को समय रैना ने इंस्टाग्राम पर Ai+ Smartphone का एक विज्ञापन शेयर किया, जिसमें उनके साथ ‘शक्तिमान’ फेम मुकेश खन्ना भी नजर आए। वीडियो में समय फोन पर बात करते हुए कहते हैं, “थैंक्स यार। शो अब वापस आ रहा है। जैसा कहते हैं, अंधेरा ज्यादा देर तक नहीं टिकता।” इसी दौरान शक्तिमान स्टाइल में मुकेश खन्ना की एंट्री होती है। उन्हें देखकर समय पूछते हैं, “सर, आप मेरी छत पर क्या कर रहे हैं?” इस पर मुकेश जवाब देते हैं, “तेरी टेढ़ी दुम सीधी करने आया हूं, समय रैना।”
FIR और ‘मुंह काला’ वाले डायलॉग ने खींचा ध्यान
विज्ञापन में आगे मुकेश खन्ना कहते हैं, “3 FIR होने के बाद भी तुम सुधरे नहीं ना? तेरा मुंह काला करना ही पड़ेगा।” इस पर समय तुरंत जवाब देते हैं, “फिर आपके खिलाफ ब्लैकफेस करने पर एक और FIR हो जाएगी, है ना?” दोनों के बीच यह नोकझोंक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। पूरा विज्ञापन नीचे देखें -
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कुछ कहा?
इस विज्ञापन के सामने आते ही सोशल मीडिया पर रिएक्शंस की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “हाहा! यह वो कोलैब है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।” एक अन्य यूजर ने इसे “लेजेंडरी कोलैब” बताया। हालांकि हर कोई इस कोलैबोरेशन से खुश नहीं दिखा। एक यूजर ने लिखा, “शक्तिमान भी बिक गया।” एक अन्य कमेंट है, “लगता है समय रैना से विवाद करना बैंक बैलेंस बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका है। आखिर में हर आलोचक उनके साथ कोलैब कर ही लेता है।"
एक X यूजर ने लिखा है, “कुछ दिन पहले तक मुकेश खन्ना समय रैना को संस्कृति बर्बाद करने वाला बता रहे थे। आज वही शक्तिमान उनके साथ विज्ञापन शूट कर रहे हैं। अब वह प्रासंगिक बने रहने के लिए समय की लोकप्रियता का फायदा उठा रहे हैं। यह खुली पाखंडता है।” एक अन्य पोस्ट में लिखा गया, “यही वह व्यक्ति हैं जो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद समय की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। अब उनके संस्कार और नैतिक मूल्य कहां गए? क्या उन्होंने उन्हें पैसों के लिए बेच दिया?”
