
बॉलीवुड के 'भाईजान' सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। 'मातृभूमि' और 'मॉन्स्टर' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है। दोनों फिल्मों में सलमान खान लीड रोल में नजर आएंगे। इसी बीच उनकी फिल्म 'मॉन्स्टर' को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। अब तक SVC63 के नाम से पहचानी जा रही इस फिल्म का टाइटल कथित तौर पर 'द मॉन्स्टर' लॉक कर दिया गया है। इतना ही नहीं, फिल्म के सेट को देखकर फैंस ने इसकी कहानी को लेकर एक बड़ी थ्योरी भी बना ली है और दावा किया है कि फिल्म की कहानी किस मुद्दे पर आधारित हो सकती है।
मुंबई के गोरेगांव स्थित प्राइम फोकस स्टूडियो में मेकर्स ने अफगानिस्तान के एक गांव का बड़ा सेट तैयार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां मिट्टी से बने घर, संकरी गलियां और पुराने अंदाज की इमारतों वाला माहौल तैयार किया गया है। इसी सेट पर सलमान खान और नयनतारा के कई बड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्माए जा रहे हैं।यही सेट अब फिल्म की कहानी को लेकर फैंस की थ्योरी का आधार बन गया है। 'द लल्लनटॉप' की रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक फैन ने दावा किया कि फिल्म की कहानी 9/11 के बाद के अफगानिस्तान की पृष्ठभूमि में हो सकती है। थ्योरी के अनुसार सलमान का किरदार एक अंडरकवर आर्मी ऑफिसर हो सकता है, जो अफगानिस्तान में फंसे भारतीय नागरिकों को बचाने के मिशन पर जाता है।
दावा यह भी किया गया है कि सलमान का किरदार आतंकवादी संगठनों के खिलाफ मिशन पर दिखाई दे सकता है और कहानी में कश्मीर तथा जिहादी हिंसा का एंगल भी हो सकता है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ये फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रही अटकलें हैं, फिल्म की आधिकारिक कहानी नहीं। मेकर्स की तरफ से सलमान के किरदार या कहानी को लेकर ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
नयनतारा फिल्म में सलमान खान के अपोजिट नजर आएंगी। दोनों की यह पहली फिल्म है और रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई के मौजूदा शेड्यूल में नयनतारा भी सलमान के साथ महत्वपूर्ण एक्शन सीक्वेंस का हिस्सा हैं। 'द मॉन्स्टर' का डायरेक्शन तेलुगु फिल्ममेकर वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं। वहीं, मूवी के प्रोड्यूसर दिल राजू हैं।
सलमान और नयनतारा की फिल्म के लिए ईद 2027 रिलीज की जानकारी पहले ही सामने आ चुकी है। शूटिंग अक्टूबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य बताया गया है।
और पढ़ें: 7 Dogs Box Office Collection: सलमान खान की मूवी ‘7 डॉग्स’ का बुरा हाल, कमाई जानकर रह जाएंगे हैरान
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।