जमीं पर यूं निखरे खुशियों के रंग, सरहद पर भी मनी दिवाली
हिंदुओं का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली देशभर में हर्ष और उल्लास के संग मनाय गया। अगर पौराणिक कहानियों की बात करें, तो इस दिन भगवान राम 14 साल का वनवास पूरा करने के बाद अयोध्या लौटे थे। तब पूरे अयोध्या में घी के दीये जलाए गए थे। घी और तेल के दीये की रोशनी वातावरण में मौजूद तमाम विकारों को मिटा देती है। ये तस्वीरें दिवाली पर लोगों की खुशियों को दिखाती हैं। तमाम परेशानियों और दुखों के बावजूद इंसान अपने लिए खुशियां ढूंढ ही लेता है। आइए जानिए कहां और कैसे मनाई गई दिवाली...
यह तस्वीर असम की है। गुवाहाटी में कॉटन यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स ने दिवाली के मौके पर रंगों के जरिये अपनी खुशियां अभिव्यक्त कीं। स्टूडेंट्स ने एक बड़ी और निहायत खूबसूरत रंगोली बनाई। उसमें मिट्टी के दीयों से रोशन की। रंगोली के रंग जिंदगी की खुशियों को अभिव्यक्त करते हैं।
यह तस्वीर पश्चिम बंगाल की है। कोलकाता में दिवाली के मौके लोगों ने एक बड़ा गुब्बारा उड़ाया। उस पर उनके हाथों की छाप थी। इसका मकसद देश की अखंडता और एकता को दिखाना था। मिलजुलकर खुशियों को बांटने का संदेश देना था।
यह तस्वीर जम्मू-कश्मीर के राजौरी की है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना के वीर जवानों के बीच दिवाली मनाई। जब हम अपने घरों में बेफिक्र होकर दिवाली मना रहे होते हैं, तब ये जवान सरहद पर मुस्तैदी से देश की रक्षा करते हैं।
राजौरी में जवानों के बीच पहुंचे मोदी ने अपने हाथों से सबको मिठाई खिलाई और दिवाली की शुभकामना दी। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा थी।
जवानों से मिलकर मोदी ने कहा कि उनसे बातचीत करके उन्हें हमेशा खुशी होती है। मोदी ने जवानों की देशभक्ति और साहस को सलाम किया। मोदी ने कहा कि उन्हीं की बदौलत देश सुरक्षित है। मोदी ने देश के लिए शहीद हुए जवानों को याद भी किया। उन्हें श्रद्धांजलि दी।