
यमुनागर. एक महिला अपनी 5 साल की बेटी को लेकर पिछले कई दिनों से बस स्टैंड पर रात गुजार रही थी। वो डिप्रेशन में थी। बच्ची मायूस थी। वे मां से यही पूछती कि हम क्या यहीं रहेंगे? मां के पास इसका कोई जवाब नहीं होता। वो बेटी को लेकर दिनभर यहां-वहां भटकती रहती और रात को फिर बस स्टैंड पर आकर सो जाती। यह सिलसिला पिछले 4-5 दिनों से चल रहा था। शुक्रवार रात बस स्टैंड के चौकीदार ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस ने जब महिला से पूछा, तब सामने आई भावुक करने वाली कहानी।
बेटे को अपने पास रखकर पत्नी को बेटी सहित निकाला...
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि महिला का पति एक स्कूल बस का ड्राइवर है। वो अकसर उसके साथ मारपीट करता था। पति ने पहले भी उसे कई बार घर से निकाला। उसको एक बेटी और बेटा है। इस बार वो बेटी को लेकर घर से निकल आई। महिला इतनी परेशान और दुखी थी कि अपने मायके तक नहीं जाना चाहती थी। महिला के मुताबिक, उसने अपनी शिकायत एसपी और महिला थाने में की है। पुलिस ने महिला के परिजनों को बुलाया। कुछ रिश्तेदार भी थाने पहुंचे। फिर महिला को अपने साथ ले गए।
मासूम बच्ची को उदास देखकर पुलिस भी हुई भावुक
महिला के साथ मासूम बेटी को देखकर पुलिस भी भावुक हो उठी। बच्ची उदास थी। उसे कुछ भी समझ नहीं आ रहा था कि मां उसे लेकर बाहर क्यों भटक रही है। वो सहमी हुई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके घर पर प्रॉपर्टी का विवाद चल रहा है। उसने ठान लिया था कि जब तक उसे इंसाफ नहीं मिल जाता, वो घर नहीं लौटेगी। चौकीदार ने बताया कि महिला कई दिनों से बस स्टैंड पर रह रही थी। उसने कई बार महिला से इस बारे में पूछा लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। शहर यमुनानगर थाना प्रभारी कंवलजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल महिला को उसके परिजनों के साथ भेज दिया गया है। मामले की जांच भी कराई जा रही है।
हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।