मार्केटिंग कम्यूनिकेशन स्टूडेंट शिल्पी नेहा तिर्की बनी विधायक, झारखंड विधानसभा में सबसे कम उम्र की MLA

रांची जिले की मांडर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की ने विधायक का चुनाव जीत लिया है। वह अब झारखंड विधानसभा की सबसे कम उम्र की विधायक बन गई हैं।

Arvind Raghuwanshi | Published : Jun 26, 2022 1:28 PM IST / Updated: Jun 26 2022, 08:04 PM IST

रांची. Mandar Bypoll Result 2022: झारखंड (Jharkhand) में रांची (Ranchi) जिले की मांडर विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव का रिजल्ट आ गया है। कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की ने विधायक का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने भाजपा की गंगोत्री कुजूर को बड़े अंतर से हराया है। इस रिकॉर्ड के साथ शिल्पी झारखंड विधानसभा में सबसे कम उम्र की विधायक बन गई हैं। इस विजय पर उनको बधाई देने वालों का तांता लग हुआ है। अब विधानसभा में कांग्रेस की महिला विधायकों की संख्या 5 हो गई है।

मार्केटिंग और बिजनेस की पढ़ाई कर अब बनी नेता
दरअसल, 23 हजार वोटों से जीत दर्ज करने वाली शिल्पी नेहा तिर्की ने पढ़ाई में मार्केटिंग कम्युनिकेशन में पीजी किया हुआ है। इसके अलावा वह इससे पहले एक निजी कंपनी में ब्रांडिंग का काम देखती थीं। शिल्पी नेहा तिर्की की शुरूआती पढ़ाई मांडर के सेक्रेड हर्ट स्कूल हुलहुंडू से हुई है। 12वीं की पढ़ाई रांची के संत जेवियर कालेज से पूरी की। इसके बाद कॉलेज पढ़ने के लिए नेहा बैंगलोर गईं। वहां से उन्होंने क्रीस्ट युनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में ग्रेजुएशन किया। लेकिन अब उन्होंने सिसायत में कदम रख दिया है। 

शिल्पी नेहा के पति हैं मर्चेंट नेवी इंजीनियर 
झारखंड के मांडर विधानसभा सीट से कांग्रेस की नवनिर्वाचित विधायक पूर्व विधायक बंधु तिर्की की बेटी हैं। शिल्पी नेहा शादीशुदा हैं, उनके पति का नाम सन्‍नी विल्‍फ्रेड जेम्‍स लकड़ा है, यह जानकारी उन्होंने नामांकन पत्र के शपथ पत्र में दी थी। पति मुंबई के सनटेक कंपनी में मर्चेंट नेवी इंजीनियर हैं। शिल्पी नेहा तिर्की ने जो शपथपत्र दाखिल किया है उसके अनुसार उनके पास न तो जमीन है और न ही फ्लैट ही है। उनके नाम से कार भी नहीं है। शिल्पी के पास टोटल 23 लाख 84 हजार 836 रुपये की संपत्ति है। इसमें 2 लाख 56 हजार के गहने भी शामिल हैं। शपथ पत्र के अनुसार उनपर कोई मुकदमा भी नहीं दर्ज है।

जीतने के बाद कहा-पिता के देखे सपने को करूंगी पूरा
चुनाव जीतने के बाद शिल्पी नेहा ने मांडर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जीत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपने मुझ पर जो विश्वास जताया है उसे पूरा करूंगी। क्षेत्र के लिए दिन रात मेहनत करूंगी। इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि मैंने अपने पिता बंधु तिर्की से सियासत के गुण सीखे हैं। पिता के देखे सपने को पूरा करूंगी। शिल्पी नेहा को राजनीति विरासत में मिली है।

शिल्पी सबसे कम उम्र की विधायक...कांग्रेस ये 5 लेडी एमएलए
बता दें कि मांडर विधानसभा का चुनाव जीतते ही शिल्पी नेहा तिर्की झारखंड की सबसे कम उम्र की विधायक बन गई हैं। अभी शिल्पी नेहा तिर्की 29 साल की हैं। इससे पहले बड़कागांव से कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद सबसे कम उम्र की विधायक थीं। 2019 जब झारखंड का विधानसभा चुनाव हुआ था तो उस समय अंबा प्रसाद की उम्र 31 साल थी। वहीं शिल्पा नेहा की जीत के साथ ही कांग्रेस पार्टी झारखंड की ऐसी पार्टी हो गयी है, जिसके पास सबसे अधिक महिला जनप्रतिनिधि हैं। वर्तमान में कांग्रेस की जो पांच महिला विधायक हैं उनमें दीपिका पांडेय सिंह, ममता देवी, पूर्णिमा नीरज सिंह और अंबा प्रसाद और शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हैं।
 

यह भी पढ़ें-मांडर उपचुनाव रिजल्ट: कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की ने जीता चुनाव, BJP की गंगोत्री कुजूर की हुई करारी हार
 

Share this article
click me!