
Garlic Peeling Hacks: दाल-सब्ज़ी सांबर से लेकर चटनी तक, हर डिश लहसुन के बिना अधूरी है। लेकिन अक्सर लोग कहते हैं कि खाना बनाने में लहसुन डालना आसान है, पर छीलना बहुत मुश्किल। खासकर लहसुन छीलते समय उंगलियों में दर्द और समय की बर्बादी तो आम बात है। इसलिए आज हम आपको लहसुन छीलने के 5 बेहतरीन तरीके बता रहे हैं। ये तरीके इस काम को इतना आसान बना देंगे कि ये आपको बच्चों का खेल लगेगा। जी हां, ये तरीके न सिर्फ़ आपका समय बचाएंगे, बल्कि आप कुछ ही मिनटों में ढेर सारा लहसुन बिना किसी परेशानी के छीलकर रख पाएंगे। तो आइए, जानते हैं वो तरीके कौन से हैं।
गरम पानी का इस्तेमाल
सबसे पहले लहसुन की कलियों को अलग करके एक कटोरे में डालें। अब इन कलियों के ऊपर गरम पानी डालें। इन्हें 5-10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। गरम पानी से लहसुन की ऊपरी परत नरम हो जाएगी। इसके साथ ही, आप देखेंगे कि छिलके आसानी से निकल रहे हैं, और आपको ज़्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी।
माइक्रोवेव का इस्तेमाल
अगर आप जल्दी में हैं, तो माइक्रोवेव भी आपका काम आसान कर सकता है। लहसुन की कुछ कलियों को अलग करके माइक्रोवेव-सेफ बाउल में रखें, और इसे 10-15 सेकंड के लिए माइक्रोवेव में रख दें। माइक्रोवेव की गर्मी से छिलके ढीले हो जाएंगे। फिर थोड़े से दबाव से ही छिलका अलग हो जाएगा।
बाउल में हिलाएं
एक बार में बहुत सारा लहसुन छीलने के लिए ये तरीका बहुत काम का है। इसके लिए, लहसुन की पूरी गांठ को तोड़कर कलियों को अलग कर लें। अब इन कलियों को एक बड़े स्टील के बाउल या दो बराबर साइज़ के बाउल में डालें। फिर बाउल को कसकर बंद करके 30-60 सेकंड तक ज़ोर से हिलाएं। ऐसा करने से लहसुन की कलियां आपस में टकराएंगी और उनके छिलके निकल जाएंगे, और आप देखेंगे कि बाउल में बहुत सारे छिलके अलग हो गए हैं।
ये तरीका भी अच्छा है
सिर्फ़ एक या दो लहसुन की कलियां छीलने के लिए ये तरीका अच्छा है। सबसे पहले, लहसुन की कली को चॉपिंग बोर्ड पर रखें। अब एक बड़ा चाकू लेकर लहसुन के चौड़े हिस्से पर रखें। इसे हल्के से दबाएं या थपथपाएं। कली थोड़ी सी दबनी चाहिए, पूरी तरह से कुचलनी नहीं चाहिए। इस हल्के दबाव से छिलका तुरंत अलग हो जाएगा और फिर आप उसे आसानी से निकाल सकते हैं।
सिलिकॉन लहसुन छीलने का यंत्र
ये एक बहुत ही काम का छोटा गैजेट है। अगर आपके पास सिलिकॉन लहसुन छीलने का यंत्र है, तो उसमें लहसुन की कली डालें। अब इसे अपनी हथेली से रोल करेंय़ कुछ ही सेकंड में छिलका अलग हो जाएगा और कली बाहर आ जाएगी। लहसुन छीलने का ये एक बहुत ही साफ़ और असरदार तरीका है।
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.