
How to Make Gravy with Muskmelon Seeds: गर्मी के इस मौसम में बाजार में तरबूज और खरबूजा काफी सस्ते दामों पर उपलब्ध हैं। इनका सेवन करने से शरीर को गर्मी से काफी राहत मिलती है। तरबूज के बीज यूं तो फेंकने के लिए होते हैं, लेकिन खरबूजे के बीजों का इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है। लोग इन्हें सुखाकर ड्राई फ्रूट्स के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। ये बीज शरीर के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि इन बीजों का इस्तेमाल किसी भी शाही सब्जी की ग्रेवी बनाने के लिए भी किया जा सकता है। जी हां, सुनने में भले ही अजीब लगे लेकिन ये सच है। यहां हम आपको बताएंगे कि शाही सब्जी बनाने के लिए आप काजू की जगह खरबूजे के बीजों का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
शाही सब्जी की ग्रेवी में काजू की जगह अगर खरबूजे के बीज का इस्तेमाल करेंगे तो सब्जी का स्वाद भी बहुत बढ़िया आएगा। कोई भी फर्क नहीं बता पाएगा। खरबूजे के बीज से ग्रेवी बनाने के लिए सबसे पहले छिलके उतारे हुए खरबूजे के बीजों को 10-15 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। फिर इसे मिक्सर के सबसे छोटे जार में डालकर पेस्ट बना लें. पीसने के लिए इसमें बहुत कम पानी डालें, नहीं तो पेस्ट पतला हो जाएगा.
अब बारी है मसाला तैयार करने की, तो सबसे पहले एक पैन में तेल डालकर गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। जब यह भुन जाए तो इसी पैन में अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। मसाला भूनने के बाद टमाटर और बाकी मसाले डालने की बारी है। सभी चीजों को मैश करके मिक्स करें। जब तेल छूटने लगे तो धीमी आंच पर दही डालें और लगातार चलाते रहें। आखिर में इस मसाले में खरबूजे के बीजों का पेस्ट डालें। इसे डालकर धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकाएं। जब यह पक जाए तो इसमें कसूरी मेथी और गरम मसाला डालें और थोड़ा उबलने दें। ग्रेवी बनकर तैयार है। इस ग्रेवी में पनीर, मिक्स वेज, आलू या कोफ्ते बहुत स्वादिष्ट तरीके से बनाए जा सकते हैं।
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.