
मुंबई : दुनिया के कई देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। भारत में भी ओमिक्रॉन की दस्तक ने केंद्र और राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। महाराष्ट्र में तो ओमिक्रॉन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते हुए ओमिक्रॉन संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार ने 11 देशों को हाई रिस्क कंट्रीज की लिस्ट में रखा है। खास कर इन देशों से आने वालों के लिए नियम अधिक कड़े रखे गए हैं। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने 30 नवंबर को गाइडलाइंस जारी की थी। उसी गाइडलाइंस में संशोधन किए गए हैं। 30 नवंबर वाली गाइडलाइंस में 2 हाई रिस्क वाले देशों को शामिल किया गया था। अब यह संख्या बढ़ कर 11 हो गई है।
क्या है नई गाइडलाइंस
विदेशी यात्रियों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने जो संशोधित गाइडलाइन जारी की है, उसके तहत अब विदेश से आने वाले सभी लोगों के लिए RT-PCR टेस्ट करवाना अनिवार्य होगा। अगर कोई व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया जाता है तो उसे सख्ती से क्वारंटाइन किया जाएगा। राज्य प्रशासन के नियमों के अनुसार उसे इलाज करवाना होगा। इलाज तब तक शुरू रहेगा जब तक संबंधित ओमिक्रॉन संक्रमित मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव नहीं आ जाती। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद सात दिनों के लिए होम क्वारंटाइन रहना होगा। इसके बाद आठवें दिन एक बार फिर टेस्ट किया जाएगा।
ये हैं हाई रिस्क देश
महाराष्ट्र सरकार ने जिन 11 देशों को हाई रिस्क की लिस्ट में रखा है, उसमें सबसे पहले यूरोप ( Europe) और ब्रिटेन (Britain) शामिल हैं। दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका (South Africa) है। बाकी देशों में ब्राजील (Brazil), बोत्सवाना (Botswana), मॉरीशस (Mauritius), न्यूजीलैंड (New Zealand), सिंगापुर (Singapore), हॉन्गकॉन्ग (Hong Kong), जिम्बॉब्वे (Zimbabwe), इजराइल (Israel) और चीन (China) हैं।
RT-PCR टेस्ट की रेट भी तय
बता दें कि सोमवार को महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने RT-PCR टेस्ट की रेट घटा दी है। अब तक किसी भी प्राइवेट लैब में RT-PCR टेस्ट 500 रुपए में हुआ करता था। अब इसके लिए सिर्फ 350 रुपए देने होंगे। यानी अब कोई भी प्राइवेट लैब इस टेस्ट के लिए 350 रुपए से अधिक की मांग नहीं कर सकेगा। ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें-Omicron Update : देश में ओमीक्रोन के पहले मरीज पर FIR, होटल के स्टाफ के खिलाफ भी महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई
इसे भी पढ़ें-Omicron: महाराष्ट्र में दो नए केस, साउथ अफ्रीका और अमेरिका से लौटे लोगों में मिला नया वैरिएंट, देश में 24 केस
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।