Fight against corona @23March: सभी घरेलू उड़ाने रद्द, पंजाब के बाद महाराष्ट्र में कर्फ्यू, 433 संक्रमित

देश में वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 433 पहुंच चुकी है। जबकि संक्रमण के शिकार 9 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के बढ़ते असर को देखते हुए दिल्ली, राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है। वहीं, पंजाब में कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

Asianet News Hindi | Published : Mar 23, 2020 2:16 AM IST / Updated: Mar 24 2020, 07:57 AM IST

नई दिल्ली. कोरोना वायरस के बढ़ते असर को रोकने के लिए देशभर के 76 जिलों को लॉकडाउन कर दिया गया है। देश में वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 433 पहुंच चुकी है। जबकि संक्रमण के शिकार 9 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के बढ़ते असर को देखते हुए दिल्ली, राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है। जबकि अन्य राज्यों में प्रभावित जिलों को ही लॉकडाउन किया गया है। पंजाब और महाराष्ट्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

घरेलू उड़ाने रद्द

कोरोना वायरस की वजह से घरेलू फ्लाइट की सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। मंगलवार आधी रात के बाद से कोई भी घरेलू फ्लाइट उड़ान नहीं भरेगी। इससे पहले 19 मार्च को सरकार ने सभी विमान कंपनियों को निर्देश जारी किया था कि 22 मार्च से कोई भी इंटरनेशनल फ्लाइट्स भारत से उड़ाने नहीं भरेगी। 

लोग नहीं मान रहे, पंजाब में लागू हुआ कर्फ्यू 

कोरोनावायरस संक्रमण के 31 मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को पूरे पंजाब में 31 मार्च तक कर्फ्यू लागू कर दिया है। अमरिंदर ने कहा कि कर्फ्यू में किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। अगर किसी के लिए बेहद जरूरी हो तो वजह बताने पर उसे तय वक्त के लिए ही रियायत दी जाएगी। कर्फ्यू के दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। संक्रमण रोकने के लिए राज्य में धारा 144 लगाई गई थी, फिर सरकार ने लॉकडाउन कर दिया था। लेकिन लोगों पर इसका असर नहीं दिख रहा था। जिसके बाद कैप्टन सरकार ने प्रदेश में कर्फ्यू लागू करने का निर्णय लिया। सोमवार सुबह पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टर अमरिंदर सिंह ने राज्य के मुख्य सचिव और प्रदेश के डीजीपी के साथ 3 घंटे की मैराथन मीटिंग की। इसमें यह चर्चा हुई कि लोग लॉकडाउन को नहीं मान रहे हैं, इसलिए कर्फ्यू लगाना जरूरी है। दूसरी वजह यह है कि प्रदेश में कई लोग विदेशों से लौटे हैं।

वित्त विधेयक पारित करने के बाद संसद स्थगित

कोरोना वायरस के कारण लोकसभा का बजट सत्र वित्त विधेयक पारित कर अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग का सहारा लिया जाएगा। यानी रजिस्टार द्वारा आवश्यक मामलों को लिस्टेड किए जाने के बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की जाएगी। इसके साथ दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इसी माड़्यूल पर काम शुरू कर दिया है। 

हिमाचल में भी लॉकडाउन

कोरोना वायरस के बढ़ते असर को देखते हुए हिमाचल प्रदेश की सरकार ने भी लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। इससे पहले उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान और बिहार को लॉकडाउन किया जा चुका है। इन सब के इतर कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। 24 घंटे के भीतर 29 नए मरीज सामने आए हैं। जिसके बाद भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या 425 तक पहुंच गई है। 

केंद्र सरकार ने राज्यों को दिया निर्देश

केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए राज्यों को निर्देश जारी किया है। केंद्र सरकार ने साफ किया है कि लॉकडाउन का पालन कराए जाए। ऐसे में यदि कोई नहीं मानता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाए। 

दिल्ली में विदेश से लौटें 23 लोग पॉजिटिवः केजरीवाल

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में कोरोना के 30 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं- इनमें से 23लोग विदेश से लौटे हैं और अन्य 7इनके परिवार के सदस्य हैं।वर्तमान में दिल्ली की स्थिति नियंत्रण में है। सभी से अनुरोध है कि लॉकडाउन का पालन करें। इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा में आज बजट भी पेश किया जाएगा। 

महाराष्ट्र में तीसरी मौत 

कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वहीं मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र में कोरोना से तीसरी मौत हुई है। जबकि देशभर में यह 8 वीं मौत है। महाराष्ट्र में 68 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया है। जामकारी के मुताबिक यह फिलीपिंस का रहने वाला है और उसकी मौत रविवार को हुई थी। हालांकि, वह पहले कोरोना पॉजिटिव था, लेकिन बाद में निगेटिव हो गया था। इसके बाद उसे मुंबई के कस्तूरबा हॉस्पिटल से प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि गुर्दा फेल हो जाने और सांस लेने में दिक्कत के कारण उसकी मौत हुई है। 

दिल्ली में धारा-144 लागू, 31 मार्च तक सब बंद 

राजधानी दिल्ली और मुंबई समेत कई बड़े शहरों और राज्यों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ऐलान किया कि सोमवार सुबह 6 बजे से दिल्ली में लॉकडाउन रहेगा जो 31 मार्च तक जारी रहेगा। इस दौरान दिल्ली से सटी सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी गई है। 

लॉकडाउन की मार से आर्थिक राजधानी मुंबई भी जूझ रही है। मुंबई में भी आज से लॉकडाउन कर दिया गया है। लोकल ट्रेन सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। साथ ही मुंबई में अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की लैंडिंग पर बैन लगा दिया गया है। महाराष्ट्र के कई शहरों में धारा 144 लगा दी गई है। 

यूपी में 16 जिले 3 दिन तक लॉकडाउन

दिल्ली से सटे और देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में आज से लॉकडाउन कर दिया गया है।  सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कोरोना वायरस के प्रकोप को बढ़ने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाते हुए अगले 3 दिनों तक 16 जिलों में लॉकडाउन घोषित कर दिया है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुरुआती घोषणा में 15 जिले शामिल थे, लेकिन बाद में पीलीभीत को भी शामिल कर लिया गया। पीलीभीत के अलावा राजधानी लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, मुरादाबाद, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, बरेली, आजमगढ़, कानपुर, मेरठ, प्रयागराज, अलीगढ़, गोरखपुर और सहारनपुर को लॉकडाउन किया गया है। 

बिहार,राजस्थान और उत्तराखंड 31 मार्च तक लॉकडाउन 

कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए बिहार में भी रविवार को कोरोना से हुई मौत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरे राज्य में 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया है। राजस्थान, पंजाब और उत्तराखंड में भी 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन घोषित हो चुका है। राजस्थान की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा के अनुसार वहां पर आने-जाने वाले लोगों पर सख्ती बरती जा रही है।पंजाब में कोरोना का एक मामला सामने आने पर राज्य के 5 जिलों जालंधर, पटियाला, नवांशहर, होशियारपुर और संगरूर को लॉकडाउन किया गया है।

कोरोना वायरस से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें 

क्या है कोरोना वायरस और क्या है इसके लक्षण, जानिए बचने के लिए क्या-क्या उपाय करें 

रामदेव ने दिया कोरोना से बचने के देसी उपाय, कहा-ऐसा किया तो छू भी नहीं सकता वायरस 

कोरोना वायरस की पहली तस्वीर, भारत सहित दुनिया में ऐसे मचाई तबाही 

कोरोना वायरस को लेकर 10 बड़ी अफवाहें और उसका सच 

कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए सरकार ने उठाए ये कदम 

Share this article
click me!