देश में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। अब तक 9373 मरीज सामने आ चुके हैं। देश में अब तक 335 लोगों की जान भी जा चुकी है। सोमवार को देश में 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। जबकि अब तक 1105 लोग ठीक हो चुके हैं।
नई दिल्ली. देशभर में कोरोना वायरस के कारण मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अब तक 335 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमण का मामला भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। सोमवार को देश में अब तक 162 नए मरीज सामने आए हैं, जिसमें महाराष्ट्र में 82 तो राजस्थान में 11 नए मरीज मिले हैं। वहीं, गुजरात में 22 तो आंध्र प्रदेश में 12 नए मरीज मिले हैं। इन सब के इतर आज 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया है, जिसमें 2 लोगों की मौत गुजरात में तो मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में 1-1 लोगों की जान गई है।
पीएम मोदी कल 10 बजे देश को करेंगे संबोधित
कोरोना संक्रमण के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधिक करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि पीएम मोदी देश में लॉकडउन आगे बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं। पीएम मोदी के ऐलान से पहले ही कई राज्यों ने लॉकडाउन आगे बढ़ा दिया है।
कल खत्म हो रही लॉकडाउन की अवधि
पीएम मोदी ने 24 मार्च की रात 12 बजे से देश भर में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू किया गया था। जिसका आज 20 वां दिन हैं। 14 अप्रैल को 21 दिनों के लिए जारी लॉकडाउन की मियाद पूरी हो रही है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लॉकडाउन की समय सीमा को आगे बढ़ा सकते हैं।
राज्यों का हाल
महाराष्ट्र- राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को यहां 82 नए मरीज सामने आएं। जबकि 1 मरीज ने दम तोड़ दिया। वहीं, रविवार को यहां 221 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 22 लोगों की मौत हुई है। राज्य का मुंबई शहर कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 1259 है। मरने वालों में 16 मुंबई से, 3 पुणे, 2 नवी मुंबई और एक सोलापुर से थे। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मृतकों में 13 पुरुष और 9 महिलाएं हैं। इनमें से 6 की उम्र 60 साल से अधिक है, जबकि 15 की उम्र 40 से 60 साल के बीच और एक की उम्र 40 साल से कम है। 22 में से 20 मरीजों को डायबिटीज, हाइपरटेंशन, अस्थमा और दिल की बीमारी थी। इसी के साथ प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 149 हो गई।
दिल्ली- दिल्ली में लगातार दूसरे दिन 5 मरीजों की मौत हुई है। यहां अब तक 24 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या 1154 हो गई है। रविवार को यहां 85 नए मरीज मिले हैं। रविवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली को अमेरिका नहीं बनने देंगे। उन्होंने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। दिल्ली में कल 5 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद यहां मृतकों की संख्या 24 हो गई है।
मध्यप्रदेश- प्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। यहां रविवार को 33 नए मरीज सामने आए। जबकि 3 नई मौतें हुईं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण से अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से सबसे ज्यादा इंदौर प्रभावित है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 311 हो गई है। वहीं, राजधानी भोपाल में अब तक 134 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं, इंदौर से सतना जेल भेजे गए दो आरोपियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी हॉस्पिटल में उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच एडमिट किया गया है। जिसके बाद स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। इन सब के इतर सीएम शिवराज सिंह ने रविवार को कहा कि प्रदेश में मास्क की कमी नहीं है। 7 लैबों में रोज 1 हजार 68 मरीजों की जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश- राज्य में कोरोना के संक्रमण के मामलों में थोड़ी गिरावट आई है। रविवार को यहां 31 नए मरीज मिले। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 483 तक पहुंच गई है। जबकि अब तक सिर्फ 5 लोगों की मौत हुई है। राज्य में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसके साथ 15 जिलों को पूरी तरह से सील किया जा चुका है। यहां अब तक 45 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों संग बैठक भी की।
राजस्थान- जयपुर में कोरोना पॉजिटिव 13 साल की बच्ची ने इलाज के दौरान जान गंवा दी। उसे टाइफाइड की भी शिकायत थी। राजस्थान में संक्रमित मरीजों की संख्या 804 पहुंच गई है। जबकि अबतक 11 लोगों की मौत हुई है। राज्य में रविवार को 104 कोरोना से संक्रमित नए मरीज मिलें। जबकि 2 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां अब तक 121 लोग ठीक भी हो चुके हैं। यहां राजधानी जयपुर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 341 है। जबकि टोंक में 59 बंसवाड़ा में 52 संक्रमित मरीज हैं।