
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने महिलाओं के यौन शोषण संबंधी बयान के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस भेजा है। भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के दौरान श्रीनगर में राहुल गांधी ने कहा था कि महिलाओं का यौन शोषण किया जा रहा है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने राहुल से पीड़ित महिलाओं के बारे में जानकारी मांगी है ताकि कार्रवाई की जा सके। इस नोटिस पर कांग्रेस ने कहा है कि सही वक्त पर जवाब दिया जाएगा।
नोटिस में दिल्ली पुलिस ने सवालों की लिस्ट भेजी है। इसमें राहुल गांधी से कहा गया है कि वे उन महिलाओं के बारे में जानकारी दें, जिन्होंने उनके सामने आकर कहा कि उनके साथ यौन शोषण हुआ है। पुलिस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था, "मैंने सुना है कि महिलाओं का अभी भी यौन उत्पीड़न हो रहा है।" इस बयान पर पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की जानकारी मांगी है ताकि उन्हें सुरक्षा दी जा सके।
कांग्रेस ने कहा- सही समय पर देंगे जवाब
दिल्ली पुलिस की नोटिस पर कांग्रेस ने ट्वीट किया, "हम इस नोटिस का कानून के अनुसार उचित समय पर जवाब देंगे। यह नोटिस इस बात का सबूत है कि सरकार घबराई हुई है। यह नोटिस लोकतंत्र, महिला सशक्तिकरण, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विपक्ष की भूमिका को कमजोर करने का नवीनतम प्रयास भी है।"
राहुल गांधी ने दिया था यह बयान
श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने महिलाओं के साथ हो रहे यौन उत्पीड़न का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, "जब मैं चल रहा था, आपने देखा होगा कि बहुत सारी महिलाएं रो रहीं थीं। आपने देखा..आपको मालूम है क्यों रो रहीं थीं..। उसमें से बहुत सारी महिलाएं इमोशनल थीं। मुझसे मिलकर रो रहीं थीं। मगर, उसमें बहुत सारी ऐसी भी महिलाएं थीं, जिन्होंने मुझे बोला कि उनके साथ बलात्कार हुआ है। उनको किसी ने मोलेस्ट (छेड़छाड़) किया है। उनके किसी रिश्तेदार ने उनको मोलेस्ट किया है। जब मैं उनसे बोलता था कि बहन मैं पुलिस को बताऊं तो मुझे कहतीं थीं राहुल जी पुलिस को मत बताइए हम चाहते हैं कि यह बात आपको मालूम हो, लेकिन पुलिस को मत बताइए। हमारा और भी नुकसान हो जाएगा। यह हमारे देश की सच्चाई है।"
यह भी पढ़ें- INS Dronacharya को प्रेसिडेंट कलर: राष्ट्रपति मुर्मू ने कोच्चि में इंडियन नेवी के गनरी स्कूल को दिया सर्वोच्च सम्मान
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.