
नई दिल्ली। कोलकाता में महिला डॉक्टर की हत्या (Kolkata doctor murder) के खिलाफ देशभर में डॉक्टर हड़ताल पर हैं। सोमवार को AIIMS (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) और दिल्ली के अन्य अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर मरीजों का इलाज कर अपना विरोध दर्ज कराया।
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने बताया है कि डॉक्टर 19 अगस्त से दिल्ली में निर्माण भवन के सामने सड़क पर मरीजों का इलाज कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यहां केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कार्यालय है।
महिला डॉक्टर के पिता बोले- बंगाल की CM की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं
कोलकाता में जिस जूनियर डॉक्टर की हत्या हुई उसके पिता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को न्याय दिलाने की मांग करने वालों को खामोश करने की कोशिश हुई।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री न्याय दिलाने की बात कर रही हैं। एकजुटता दिखाने के लिए सड़कों पर उतरी हैं, लेकिन न्याय की मांग कर रहे आम लोगों को जेल क्यों भेजा जा रहा है? मुख्यमंत्री जो कर रही हैं, उससे हम संतुष्ट नहीं हैं। हमने राज्य सरकार द्वारा हमें दिए गए मुआवजे को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।"
पोस्टमार्टम के बाद तत्काल किया गया अंतिम संस्कार
पिता ने कहा, "हमें संदेह होने लगा है कि कहीं सबूत मिटाने की कोई मंशा तो नहीं थी। पोस्टमार्टम के बाद मेरी बेटी का "तत्काल अंतिम संस्कार" कर दिया गया था। श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए तीन शव रखे गए थे, लेकिन हमारी बेटी का अंतिम संस्कार उनसे पहले किया गया। हम इकलौती बेटी को खोने के बाद इतने सदमे में थे कि उस समय कुछ सोच नहीं पाए। कुछ कर नहीं पाए।"
यह भी पढ़ें- ट्रेनी डॉक्टर रेप-मर्डर केस: पूर्व प्राचार्य से CBI की 23 घंटे की मैराथन पूछताछ
क्या है कोलकाता में डॉक्टर की हत्या का मामला?
महिला डॉक्टर कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में काम कर रही थी। 8 अगस्त को वह नाइट ड्यूटी कर रही थी। 9 अगस्त की सुबह अस्पताल के सेमिनार हॉल में उसका शव मिला। महिला को बेहद क्रूर तरीके से प्रताड़ित किया गया था। उसके प्राइवेट पार्ट में गहरा जख्म मिला। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
यह भी पढ़ें- डॉक्टर रेप-मर्डर: पीड़िता के पिता ने सुरक्षा चूक पर कॉलेज को ठहराया जिम्मेदार
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.