चुनावी बयारः सिर्फ 41 दिन में मोदी ने कर डाला 24 राज्यों का दौरा, 12 दिन में 4 बार ममता के गढ़ में पहुंचे PM

लोकसभा चुनाव से पहले 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 10 लाख करोड़ रुपए की कई विकास परियोजना का उद्घाटन-शिलान्यास किया है। उन्होंने पूरे देश में यात्राएं की हैं।

 

Vivek Kumar | Published : Mar 12, 2024 8:24 AM IST / Updated: Mar 12 2024, 03:27 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बजने को है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करने में व्यस्त है। काम किस तेजी से हो रहा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 2024 में पीएम मोदी ने करीब 10 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का तोहफा जनता को दिया है। ऐसा लग रहा है मानों मोदी सरकार ने आम चुनाव से पहले विकास की गंगा बहा दी है। फरवरी-मार्च में प्रधानमंत्री की यात्राओं पर एक नजर डालें तो वह दक्षिण में तमिलनाडु से लेकर उत्तर में जम्मू कश्मीर और पश्चिम में गुजरात से लेकर पूर्व में पूर्वोत्तर के राज्यों तक गए हैं। 41 दिन में नरेंद्र मोदी ने 24 राज्यों का दौरा किया है। वह 12 दिन में 4 बार सीएम ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल गए हैं।

11 मार्च 2024- पीएम ने हरियाणा के गुरुग्राम से देशभर के लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपए की 112 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने द्वारका एक्सप्रेसवे के 19 किमी लंबे हरियाणा खंड का उद्घाटन किया। इससे पहले पीएम ने 'सशक्त नारी-विकसित भारत' कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने 1,000 नमो ड्रोन दीदियों को ड्रोन सौंपे। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों को लगभग 8,000 करोड़ रुपए के बैंक लोन और 2,000 करोड़ रुपए के पूंजीकरण सहायता कोष का वितरण किया।

10 मार्च 2024- पीएम ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में 34,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना का शुभारंभ किया।

9 मार्च 2024- पीएम असम के काजीरंगा नेशनल पार्क गए। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में 'विकसित भारत, विकसित नॉर्थ ईस्ट' कार्यक्रम को संबोधित किया। इससे पहले 55,600 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जनसभा को संबोधित किया।

8 मार्च 2024- पीएम ने नई दिल्ली में पहला नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड दिया। इस दौरान उन्होंने पुरस्कार जीतने वालों से बातचीत की।

7 मार्च 2024- पीएम जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद पहली बार श्रीनगर गए। उन्होंने 'विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर' कार्यक्रम को संबोधित किया। पीएम ने इससे पहले लगभग 5000 करोड़ रुपए का समग्र कृषि विकास कार्यक्रम राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने स्वदेश दर्शन और प्रसाद योजना के तहत 1400 करोड़ रुपए से अधिक की 52 पर्यटन क्षेत्र परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

6 मार्च 2024- पीएम ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में देश के पहले अंडर वाटर मेट्रो का उद्घाटन किया। इसे 15,400 करोड़ रुपए खर्च कर तैयार किया गया है। उन्होंने बिहार के बेतिया में 12,800 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

5 मार्च 2024- नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के चंडीखोल में 19,600 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं तेल व गैस, रेल, सड़क, परिवहन व राजमार्ग और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की हैं। उन्होंने तेलंगाना के संगारेड्डी में 6,800 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

4 मार्च 2024- पीएम मोदी ने तेलंगाना के आदिलाबाद में 56,000 करोड़ रुपए के अधिक की विद्युत, रेल और सड़क संबंधी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने तमिलनाडु के कलपक्कम में भारत के पहले स्वदेशी फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (500 मेगावाट) में ऐतिहासिक "कोर लोडिंग” की शुरुआत देखी।

2 मार्च 2024- नरेंद्र मोदी ने बिहार के बेगुसराय से देश भर के लिए लगभग 1.48 लाख करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये तेल और गैस क्षेत्र की परियोजनाएं हैं। इनमें से बिहार की परियोजनाएं 13,400 करोड़ रुपए की हैं। इसके साथ ही उन्होंने औरंगाबाद में 21,400 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। पीएम ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर में 15,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

1 मार्च 2024- पीएम ने पश्चिम बंगाल के हुगली के आरामबाग में 7,200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने झारखंड के धनबाद में 35,700 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया।

29 फरवरी 2024- पीएम ने मध्य प्रदेश में 17,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया।

28 फरवरी 2024- पीएम ने महाराष्ट्र में 4900 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने तमिलनाडु में 17,300 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया।

27 फरवरी 2024- नरेन्द्र मोदी केरल के तिरुवनंतपुरम में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) गए। उन्होंने करीब 1800 करोड़ रुपए की 3 अंतरिक्ष अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने गगनयान मिशन की समीक्षा की और चार अंतरिक्ष यात्रियों को 'एस्ट्रोनॉट विंग्स' दिए।

26 फरवरी 2024- पीएम ने 41,000 करोड़ रुपए से अधिक के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया।

25 फरवरी 2024- पीएम ने गुजरात के राजकोट में 48,100 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने ओखा मुख्य भूमि और बेट द्वारका द्वीप को जोड़ने वाले सुदर्शन सेतु का उद्घाटन किया। पीएम ने द्वारका में 4150 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

24 फरवरी 2024- पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा छत्तीसगढ़ में 34,400 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

23 फरवरी 2024- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पीएम ने 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

22 फरवरी 2024- नरेंद्र मोदी ने गुजरात के नवसारी में 47,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने महेसाणा के तारभ में 13,500 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का तोहफा दिया।

20 फरवरी 2024- पीएम ने जम्मू की यात्रा की और 32,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल, सड़क, विमानन, पेट्रोलियम और नागरिक बुनियादी ढांचे सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं।

19 फरवरी 2024- पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के संभल में श्री कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास किया।

16 फरवरी 2024- नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के रेवाड़ी में 9750 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा राजस्थान के लोगों को 17,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया।

12 फरवरी 2024- पीएम ने रोजगार मेले में 1 लाख से अधिक नियुक्ति-पत्र बांटे।

11 फरवरी 2024- नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के झाबुआ में 7300 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

10 फरवरी 2024- पीएम ने 'विकसित भारत-विकसित गुजरात' कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के अंतर्गत गुजरात में बने 1.3 लाख से अधिक घरों का उद्घाटन और भूमि पूजन किया।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: सीएम समेत पूरे हरियाणा मंत्रिमंडल ने दिया सामूहिक इस्तीफा, ये है वजह

6 फरवरी 2024- नरेंद्र मोदी ने गोवा में 1330 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

4 फरवरी 2024- पीएम ने असम के गुवाहाटी में 11,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

3 फरवरी 2024- नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के संबलपुर में 68,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

यह भी पढ़ें- खुद लोकसभा चुनाव लड़ने से दूर रह सकते हैं मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस में बेचैनी

Read more Articles on
Share this article
click me!