
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में विधानसभा चुनाव से पहले देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस (Congress) ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष (PCC Chief) के नाम का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को प्रतिभा वीरभद्र सिंह को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रतिभा वीरभद्र सिंह, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। प्रतिभा सिंह (Pratibha Virbhadra Singh) मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।
सीएलपी का भी हुआ ऐलान, चुनाव अभियान समिति भी गठित
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता का भी ऐलान कर दिया गया है। सीनियर लीडर मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल का नेता बनाया गया है। श्री अग्निहोत्री इसके पहले भी सीएलपी लीडर थे।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा (Anand Sharma) को प्रदेश कांग्रेस के लिए संचालन समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है। जबकि आशा कुमारी को इसके संयोजक के रूप में नियुक्त किया है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukkhu) को अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
कांग्रेस जनता के प्रमुख मुद्दों पर ध्यान देगी
प्रतिभा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला करते हुए कहा था कि कांग्रेस को राज्य चुनावों से पहले उनके प्रचार करने की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा, "हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो और कांगड़ा जिले में आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल की रैली से चिंतित नहीं है। कांग्रेस जनता के प्रमुख मुद्दों पर ध्यान देगी।
इस साल के अंत में होने वाले हिमाचल चुनाव
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में फेरबदल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 68 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी ने 43 सीटें जीती थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी की जीत का सिलसिला जारी रहा और उसने राज्य की तीनों सीटों पर जीत हासिल की थी. हालांकि, हाल ही में मंडी लोकसभा चुनाव सहित उपचुनावों में बीजेपी को कई झटके लगे हैं।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.