
Attack on Assam Rifles Convoy: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार की शाम अज्ञात बंदूकधारियों ने असम राइफल्स के काफिले पर हमला किया। इसके चलते दो जवानों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए। हमला शाम करीब 5.50 बजे किया गया। 33 असम राइफल्स के जवानों को लेकर एक वाहन इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहा था। घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया। उनका इलाज चल रहा है।
मारे गए जवानों में एक जेसीओ और एक जवान शामिल हैं। व्यस्त सड़क पर जवानों के वाहन पर हमला करने के बाद आतंकवादी एक सफेद वैन में सवार होकर भाग निकले। जवानों ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की ताकि कोई नागरिक हताहत न हो।
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने हमले को "हिंसा का जघन्य कृत्य" बताया है। राज्यपाल ने असम राइफल्स के दो जवानों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
राजभवन ने X पर पोस्ट किया, "हिंसा को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए उनका सबसे मजबूत संकल्प के साथ सामना किया जाएगा।"
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने हमले की कड़ी निंदा की। इसे राज्य के लिए एक "क्रूर आघात" बताया। उन्होंने X पर पोस्ट किया, "नाम्बोल सबल लेईकाई में हमारे बहादुर 33 असम राइफल्स के जवानों पर घात लगाकर किए गए हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। दो जवानों की मौत और कई अन्य का घायल होना हम सभी के लिए एक क्रूर आघात है।"
उन्होंने कहा, "मारे गए जवानों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उनका साहस और बलिदान सदैव हमारे दिलों में रहेगा। इस जघन्य कृत्य के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"
यह भी पढ़ें- आतंकी यासीन मलिक का सनसनीखेज दावा, हाफिज सईद से मिलने के लिए पूर्व PM मनमोहन सिंह ने कहा था शुक्रिया
बता दें कि मणिपुर 2023 से जातीय हिंसा की आग में जल रहा है। राज्य में शांति बनाए रखने के लिए असम राइफल्स को तैनात किया गया है। असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस द्वारा इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान जारी है। यह हमला मणिपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ है। पिछले साल से कई जिलों में लगातार हो रही हिंसा और अशांति के कारण तनावग्रस्त है।
यह भी पढ़ें- पालघर के केमिकल फैक्ट्री में हुआ जोरदार धमाका, एक मजदूर की हुई मौत, कई घायल
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.