
ब्रजराजनगर (ओडिशा)। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नब दास को एक पुलिसकर्मी ने गोली मार दी है। गोली सीने में लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर की पहचान एएसआई गोपाल दास के रूप में हुई है।
नब दास एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांधी चौक पहुंचे थे। वह कार से उतरे तभी एएसआई गोपाल दास ने सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए उनपर फायरिंग कर दी। मंत्री को कई गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। गोलीबारी के बाद गोपाल दास भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। मंत्री को एयर एम्बुलेंस की मदद से भुवनेश्वर लाया जा रहा है। उनका इलाज अपोलो अस्पताल में होगा। मंत्री को गोली मारे जाने के बाद झारसुगुड़ा में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
गले में माला डलते ही सीने में पुलिसवाले ने मारी गोली
हमले के वक्त का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि समर्थक मंत्री के कार को घेरे हुए है। वे मंत्री के स्वागत में नारे लगाते हैं। मंत्री कार का गेट खोलकर उतरते हैं। इसी दौरान एक समर्थक मंत्री के गले में फूलों की माला पहनाता है अगले ही पल तेज आवाज आती है और मंत्री सीने पर हाथ रखकर कार की सीट पर गिर जाते हैं। इसके बाद उन्हें और गोली मारी जाती है। गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।
चश्मदीद ने कहा- साजिश के तहत मारी गई गोली
घटना के वक्त मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने मीडिया से बताया कि मंत्री को उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने गोली मारी। गोली बहुत नजदीक से मारी गई। मंत्री आए थे तभी गोलीबारी की आवाज आई। हमने देखा कि दादा (मंत्री) सीना पकड़े हुए हैं और कह रहे हैं कि किसने गोली मार दी। मंत्री का अस्पताल में प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद उन्हें भुवनेश्वर ले जाया जा रहा है। चश्मदीद ने आरोप लगाया कि मंत्री को साजिश के तहत गोली मारी गई। किसी पुलिसवाले ने हमलावर पुलिसकर्मी को पकड़ने की कोशिश नहीं की।
यह भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर: राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर फहराया तिरंगा, कल होगा भारत जोड़ो यात्रा का समापन
ओडिशा के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं नबा दास
गौरतलब है कि नबा दास ओडिशा के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं। वह काफी प्रभावशाली नेता हैं। झारसुगुड़ा जिले में उनका काफी असर है। उनके पास महंगी गाड़ियों का काफिला है। उन्होंने चार साल पहले कांग्रेस छोड़ा था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.